गत चैम्पियन भारत ने इंग्लैंड को 5-0 से हराया

थॉमस कप बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में पहुंची टीम
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
डिफेंडिंग चैम्पियंस भारत ने इंग्लैंड को 5-0 से हराकर थॉमस कप बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में थाईलैंड को 4-1 से शिकस्त दी थी। 
इंग्लैंड के खिलाफ भारत की शुरुआत शानदार रही थी। एचएच प्रणय ने हैरी हुआंग को 21-15, 21-15 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने बेन लेन और सीन वेंडी को युगल मुकाबले में 21-17, 19-21, 21-15 से हराया।
दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने नदीम दलवी को 21-16, 21-11 से हराकर भारत को 3-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारत की दूसरी युगल टीम एम आर अर्जुन और ध्रुव कपिला ने रोरी ईस्टन और एलेक्स ग्रीन को 21-17, 21-19 से हराकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
आखिरी मैच में किरण जॉर्ज ने चोलान कायान को 21-18, 21-12 से मात दी। भारत का सामना आखिरी ग्रुप मैच में 14 बार के चैम्पियन इंडोनेशिया से होगा। टीम इंडिया ने पिछले साल भी शानदार प्रदर्शन किया था और कई बड़ी टीमों को शिकस्त दी थी। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने उबेर कप के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

रिलेटेड पोस्ट्स