सात भारतीय शटलरों ने कटाया पेरिस ओलम्पिक का टिकट

इन सभी खिलाड़ियों ने रैंकिंग के आधार पर किया क्वालीफाई
स्टार शटलर पीवी सिंधू महिला एकल में एकमात्र भारतीय चुनौती
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत के सात बैडमिंटन खिलाड़ियों ने आगामी पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। ये सात खिलाड़ी चार अलग-अलग श्रेणी के हैं। साई मीडिया ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इसकी पुष्टि की है। इन सभी खिलाड़ियों ने रैंकिंग के आधार पर पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया। ओलम्पिक इस साल 26 जुलाई से 11 अगस्त तक खेला जाएगा।
इन सात खिलाड़ियों में से हाल में क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ी एचएस प्रणय और लक्ष्य सेन हैं। इन दोनों ने पुरुष एकल वर्ग में बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया। वहीं, दो बार की ओलम्पिक मेडलिस्ट भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधू ने महिला एकल वर्ग में पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया। वह इस वर्ग में भारत की अकेली प्रतिद्वंद्वी हैं। सिंधू ने 2016 रियो ओलम्पिक में रजत पदक और 2021 टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीता था।
इससे पहले सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पहले ही पुरुष युगल वर्ग में पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। दोनों की मौजूदा वर्ल्ड रैंकिंग तीन है। वहीं, महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और तनीशा क्रास्तो की जोड़ी ने ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है। इन सातों खिलाड़ियों के हाथों में बैडमिंटन में भारत को पदक दिलाने की जिम्मेदारी होगी।

 

रिलेटेड पोस्ट्स