विनेश और अंशू के सामने ओलम्पिक कोटा हासिल करने की चुनौती

ओलम्पिक क्वालीफायर में भारत के 17 पहलवान ले रहे हिस्सा
खेलपथ संवाद
बिश्केक (किर्गिस्तान)।
भारत के 17 पहलवान शुक्रवार से बिश्केक में शुरू हो रहे एशिया ओलम्पिक क्वालीफायर के जरिये पेरिस खेलों का कोटा हासिल करने के लिए जब चुनौती पेश करेंगे तो सबसे ज्यादा नजरें दो बार की ओलम्पियन विनेश फोगाट पर होंगी। इस प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल, महिला और ग्रीको-रोमन में कुल 36 कोटा स्थान दांव पर होंगे। भारतीय पहलवान सिर्फ एक स्पर्धा को छोड़कर सभी भारवर्ग में कोटा हासिल करने की कोशिश करेंगे।
19 साल की अंतिम पंघाल ने सर्बिया के बेलग्रेड में 2023 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए महिलाओं के 53 किलोग्राम में पहले ही कोटा स्थान पक्का कर लिया है। महिला वर्ग में अब विनेश (50 किलोग्राम), रीतिका हुड्डा (76 किलोग्राम), मौजूदा अंडर-23 विश्व चैम्पियन अंशू मलिक (57 किलोग्राम), मानसी (62 किलोग्राम) और निशा (68 किलोग्राम) के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का समय आ गया है।
भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ भारतीय पहलवानों के विरोध का प्रमुख चेहरा रहीं विनेश के प्रदर्शन पर सबसे ज्यादा नजरें रहेंगी। 29 वर्षीय खिलाड़ी ने मार्च में 50 किलोग्राम में राष्ट्रीय चयन ट्रायल जीता था। उन्होंने पटियाला में हुए इस चयन ट्रायल में अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद 53 किलोग्राम वर्ग में भी प्रतिस्पर्धा की थी, लेकिन वह सेमीफाइनल में हार गई थीं। वह अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगी।
पुरुषों के फ्रीस्टाइल वर्ग में अमन सहरावत (57 किलोग्राम) राष्ट्रीय ट्रायल में टोक्यो ओलम्पिक पदक विजेता रवि दहिया को पछाड़कर अपनी जगह बनाने के बाद सुर्खियां बटोरी थीं। वह अच्छी लय में भी हैं। उन्होंने इस साल जनवरी में जगरेब ओपन में स्वर्ण पदक जीता था। उनके अलावा सुजीत पर भी नजर रहेंगी क्योंकि वह टोक्यो ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया की विफलता के बाद 65 किलोग्राम वर्ग में चुनौती का नेतृत्व कर रहे हैं।
टोक्यो में पदक जीतने से चूके दीपक पूनिया (86 किलोग्राम) यहां कोटा तय करने के मजबूत दावेदार हैं वहीं जयदीप (74 किलोग्राम), दीपक (97 किलोग्राम) और सुमित (125 किलोग्राम) भी अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाकर भारत के लिए कोटा हासिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे। ग्रीको-रोमन में सुमित (60 किलोग्राम), आशु (67 किलोग्राम), विकास (77 किलोग्राम), सुनील (87 किलोग्राम), नितेश (97 किलोग्राम) और नवीन (130 किलोग्राम) पर देश के लिए कोटा हासिल करने का दारोमदार होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स