सजना सजीवन के छक्के ने तोड़ा दिल्ली का दिल

मुंबई ने दिल्ली को आखिरी गेंद पर हराया
हरमनप्रीत कौर रहीं प्लेयर ऑफ द मैच 
खेलपथ संवाद
बेंगलुरु।
महिला प्रीमियर लीग के पहले मैच की आखिरी गेंद पर मुंबई इंडियंस की हरफनमौला सजना सजीवन ने छक्का लगाकर दिल्ली का दिल तोड़ दिया। दिल्ली कैपिटल्स की इस शिकस्त में मुंबई की तरफ से यास्तिका भाटिया और हरमनप्रीत कौर ने भी दमदार प्रदर्शन किया। यास्तिका ने 57 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर टीम को मुसीबत से निकाला वहीं, कप्तान हरमनप्रीत ने 55 रन बनाए। 
महिला प्रीमियर लीग के पहले मैच के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर हरमनप्रीत को एलिस कैप्सी ने सदरलैंड के हाथों कैच आउट करा दिया। जिस वक्त हरमनप्रीत आउट हुईं उस वक्त टीम को एक गेंद पर पांच रन की जरुरत थी, तभी सजना सजीवन ने मैच विनिंग सिक्स जड़कर टीम को पहले मैच में जीत दिलाई। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 171 रन का स्कोर तैयार किया। दिल्ली के लिए एलिस कैप्सी ने विस्फोटक 75 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 141.50 के स्ट्राइक रेट से आठ चौके और तीन छक्के जड़े वहीं, जेमिमाह रोड्रिग्स ने 42 रन बनाए। हालांकि, वह इस पारी को अर्धशतक में तब्दील नहीं कर सकीं। मुंबई के खिलाफ कप्तान मेग लैनिंग ने 31 रन बनाए। वहीं, शेफाली वर्मा ने एक, मारिजैन कैप ने 16 और एनाबेल सदरलैंड ने 1 (नाबाद) रन बनाया। दिल्ली के खिलाफ मुंबई की तरफ से नताली सिवर ब्रंट और अमेलिया केर ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा शबनिम इस्माइल को एक सफलता मिली। 
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत झटके के साथ हुई। टीम का पहला विकेट पहले ओवर की दूसरी गेंद पर गिर गया था। हीली मैथ्यूज बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। इसके बाद मोर्चा यास्तिका भाटिया ने संभाला। उन्होंने 57 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को मुसीबत से बाहर निकाला। दिल्ली के खिलाफ नताली सिवर ब्रंट ने 19, अमेलिया केर ने 24, पूजा वस्त्राकर ने एक रन बनाए। वहीं, अमनजोत कौर तीन और सजीवन सजना छह रन बनाकर नाबाद रहीं। दिल्ली के लिए अरुंधति रेड्डी और एलिस कैप्सी ने दो-दो विकेट चटकाए। इसके अलावा मारिजैन कैप और शिखा पांडे को एक-एक सफलता मिली। हरमनप्रीत कौर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

रिलेटेड पोस्ट्स