एशियाड के शुभारम्भ पर भारतीय महिला खिलाड़ी पहनेंगी साड़ी

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऑफिशियल ड्रेस जारी की
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में एक बार फिर भारतीय नारियों की पारम्परिक पोशाक साड़ी नजर आएगी। 2016 के रियो ओलम्पिक में साड़ी को भारतीय दल की पोशाक से बाहर कर दिया गया था, लेकिन पीटी ऊषा की अध्यक्षता वाले भारतीय ओलम्पिक संघ ने महिलाओं के लिए साड़ी और पुरुषों के कुर्ता और बंधेज जैकेट को एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह की पोशाक बनाने का फैसला लिया। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार की रात हांगझोऊ में 23 सितम्बर से होने वाले एशियाई खेलों की आधिकारिक पोशाक जारी की।
एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में भारतीय पुरुष खिलाड़ी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी की ओर से तैयार किए गए पैजामा, कुर्ता और बंधेज जैकेट में नजर आएंगे तो महिलाओं पारम्परिक साड़ी में होंगी। साड़ी और कुर्ते का रंग खाकी होगा। रियो ओलम्पिक से पहले आईओए ने साड़ी और पगड़ी को इस वजह से बाहर कर दिया था कि क्यों कि खिलाडिय़ों का कहना था कि इनका उपयोग बाद में नहीं हो पाता है। साथ ही उद्घाटन समारोह के दौरान साड़ी बांधने में काफी दिक्कत आती है।
खेलो इंडिया के लिए मंजूर हुए 675 करोड़
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने आधिकारिक पोशाक जारी करने के बाद कहा कि जैसा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि दबाव नहीं लेना है, बस अपना सर्वश्रेष्ठ करना है, पदक खुद आएंगे। यही खिलाड़ियों को एशियाड में करना है। खेल मंत्री ने इस मौके पर घोषणा की कि खेलो इंडिया के लिए अब 3170 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे, लेकिन मंगलवार को सरकार ने 675 करोड़ रुपये की राशि इस स्कीम के लिए और मंजूर कर दी। इस राशि से खेलो इंडिया यूथ, यूनिवर्सिटी, विंटर गेम्स होंगे। इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। यही नहीं इस साल तक 1000 खेलो इंडिया सेंटर तैयार कर लिए जाएंगे, लेकिन मंत्रालय ने देश में 250 और खेलो इंडिया सेंटर स्थापित करने का फैसला लिया है। अब 1250 खेलो इंडिया सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
श्रीजेश, सविता बोले स्वर्ण जीतने की करेंगे कोशिश
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता और पीआर श्रीजेश आधिकारिक पोशाक पहनकर आए। दोनों खिलाडिय़ों ने कहा कि एशियाड में सीधे ओलंपिक का क्वालिफिकेशन है। उनकी कोशिश रहेगी कि वे देश के लिए स्वर्ण जीतें और पेरिस ओलंपिक का टिकट हासिल करें।

रिलेटेड पोस्ट्स