युवा अल्काराज ने जोकोविच से छीनी बादशाहत

विम्बलडन खिताब जीतने वाले स्पेन के तीसरे खिलाड़ी बने
खेलपथ संवाद
लंदन।
रविवार को स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने इतिहास रच दिया। वह विम्बलडन 2023 के चैम्पियन बन गए। पांच सेट तक चले फाइनल में वर्ल्ड नम्बर-वन अल्काराज ने वर्ल्ड नम्बर-दो सर्बिया के नोवाक जोकोविच को 1-6, 7-6(6), 6-1, 3-6, 6-4 से हरा दिया। 20 साल के अल्काराज विम्बलडन जीतने वाले स्पेन के तीसरे खिलाड़ी बने। इससे पहले सेंटाना ने 1966 में और राफेल नडाल ने 2008 और 2010 में विम्बलडन का खिताब जीता था। 12 साल बाद स्पेन के किसी खिलाड़ी ने यह ग्रैंड स्लैम जीता है।
यह अल्काराज का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इससे पहले वह 2022 में यूएस ओपन का खिताब जीत चुके हैं। इतना ही नहीं, 2017 के बाद विम्बलडन को नया चैम्पियन मिला है। 2018, 2019, 2021 और 2022 में जोकोविच ने ही यह खिताब जीता था। वहीं, 2020 में कोरोना की वजह से यह टूर्नामेंट नहीं हो सका था। 2017 में स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर चैम्पियन बने थे। इससे पहले शनिवार को चेक गणराज्य की 24 वर्षीय मार्केटा वोंड्रोसोवा ने ट्यूनीशिया की ओंस जेब्यूर को 6-4, 6-4 से हराकर विम्बलडन महिला सिंगल्स का खिताब जीता था। 
अगर जोकोविच फाइनल जीतते तो यह उनका 24वां ग्रैंड स्लैम होता और वह महिला-पुरुष मिलाकर सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के मार्ग्रेट कोर्ट के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेते। साथ ही यह जोकोविच का कुल मिलाकर आठवां और लगातार पांचवां विंबलडन खिताब होता। इन दोनों मामलों में वह फेडरर की बराबरी कर लेते। हालांकि, इनमें से कुछ नहीं हो सका। जोकोविच और अल्काराज अब तक तीन बार आमने-सामने आ चुके हैं। एक में जोकोविच और दो में अल्काराज को जीत मिली है। इस फाइनल से पहले दोनों इसी साल पेरिस में फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में भिड़े थे। तब क्ले कोर्ट पर जोकोविच ने स्पैनिश खिलाड़ी को 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से हराया था। उस मैच में अल्काराज चोटिल हो गए थे और उसके बावजूद पूरा मैच खेला था। वहीं, 2022 एटीपी मास्टर्स 1000 मैड्रिड में अल्काराज ने जोकोविच को 6-7, 7-5, 7-6 से शिकस्त दी थी।
अल्काराज ने बनाए ये रिकॉर्डः अल्काराज ने विम्बलडन में जोकोविच के लगातार 34 मैच जीतने के रिकॉर्ड पर फुल स्टॉप लगाया। वह बोरिस बेकर और ब्योर्न बोर्ग के बाद तीसरे सबसे कम उम्र के विम्बलडन चैम्पियन भी बन गए हैं। ओपन एरा में बेकर और ब्योर्न के बाद अल्काराज 21 साल की उम्र के होने से पहले विंबलडन जीतने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। दूसरा ग्रैंड स्लैम टाइटल जीतने वाले वह पांचवें सबसे युवा खिलाड़ी हैं। 2022 में अल्काराज ने यूएस ओपन जीता था। अल्काराज जोकोविक को ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में हराने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी हैं।
हार के बावजूद दिल जीत गए जोकोविचः विम्बलडन के सेंटर कोर्ट पर जोकोविच ने लगातार 45 मैच जीते। 1922 में सेंटर कोर्ट की स्थापना के बाद यह किसी खिलाड़ी के जीत का सबसे लंबा सिलसिला है। विम्बलडन में जोकोविच ने लगातार 34 मैच जीते हैं। यह ओपन एरा में किसी खिलाड़ी द्वारा तीसरी सबसे ज्यादा जीत है। जोकोविच ने लगातार 27 मेजर मैच (ग्रैंड स्लैम) में जीते। यह ओपन एरा में जीत का तीसरा सबसे लम्बा सिलसिला है।

रिलेटेड पोस्ट्स