विराट कोहली को सिर्फ रिकॉर्ड की चिंता

कमेंटेटर साइमन डूल का बड़ा आरोप 
खेलपथ संवाद
बेंगलुरु।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को आईपीएल के 15वें मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। तीन मैचों में आरसीबी की ये दूसरी हार है। पिछले मैच में उसे कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ शिकस्त मिली थी। आरसीबी को इकलौती जीत मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली है। लखनऊ के खिलाफ दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अर्धशतक लगाया, लेकिन उनकी टीम को जीत नहीं मिली।
मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी और कमेंटेटर साइमन डूल ने विराट पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कोहली को सिर्फ अपने रिकॉर्ड की चिंता होती है। साइमन डूल ने कोहली के अर्धशतक का हवाला दिया। विराट ने एक समय 25 गेंद पर 42 रन बनाए थे। इसके बाद अगले आठ रन के लिए उन्होंने 10 गेंद लिए थे। आरसीबी के पूर्व कप्तान ने 35 गेंद पर अर्धशतक लगाया।
साइमन डूल ने कमेंट्री करते हुए कहा, ''कोहली ने एक हाईस्पीड ट्रेन की तरह शुरुआत की। वह ताबड़तोड़ शॉट लगा रहे थे। ऐसा लग रहा था कि हथौड़ा चला रहे हो। बाद में 42 से 50 तक पहुंचने के लिए उन्होंने 10 गेंदों का सामना किया। ऐसा लग रहा था कि वह अपने रिकॉर्ड के लिए चिंतित हैं। मुझे नहीं लगता है कि इस खेल में इस चीज के लिए जगह है। आपको लगातार रन बनाने चाहिए, खासकर जब आपको पास काफी विकेट बचे हों।''
मैच में क्या हुआ?
आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 212 रन बनाए थे। इसके जवाब में लखनऊ ने नौ विकेट खोकर 213 रन बनाए और आखिरी गेंद में मैच अपने नाम कर लिया। उसने एक विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही लखनऊ के पास चार मुकाबलों में छह अंक हो गए हैं और यह टीम अंक तालिका में शीर्ष पर आ गई। इस मैच में आरसीबी के लिए विराट कोहली ने 44 गेंद में 61, ग्लेन मैक्सवेल ने 29 गेंद में 59 और कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 46 गेंद में नाबाद 79 रन बनाए। वहीं, लखनऊ के लिए मार्कस स्टोइनिस ने 30 गेंद में 65 और निकोलस पूरन ने 19 गेंद में 62 रन की पारी खेली।

 

रिलेटेड पोस्ट्स