मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स को 72 रन से हराया

महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में बनाई जगह
खेलपथ संवाद
मुम्बई।
मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर मुकाबले में यूपी वॉरियर्स के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की। उसने 72 रन से मुकाबले को अपने नाम कर फाइनल में जगह बनाई। वहां उसका मुकाबला अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मुकाबला 26 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में अंक तालिका में शीर्ष दो में रहने वाली टीमें ही आमने-सामने होंगी। मुंबई दूसरे स्थान पर रही थी। यूपी ने तीसरा स्थान हासिल कर एलिमिनेटर में तो जगह बनाई थी, लेकिन वह आगे नहीं बढ़ पाई।
मुंबई ने नताली सीवर ब्रंट के नाबाद 72 रन और इस्सी वोंग की हैटट्रिक से शानदार जीत हासिल की। इस्सी वोंग ने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। वह महिला प्रीमियर लीग में हैट्रिक लेने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने किरण नवगिरे, सिमरन शेख और सोफी एक्लेस्टोन को आउट कर हैटट्रिक पूरी की। यूपी के लिए किरण नवगिरे ने अकेले लड़ाई की। वह 27 गेंद पर 43 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। दीप्ति शर्मा 16, ग्रेस हैरिस 14 और एलिसा हीली 11 रन बनाकर आउट हुईं। यूपी की 11 में से सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सकीं। मुंबई के लिए इस्सी वोंग के अलावा सायका इशाक ने दो विकेट लिए। नताली सीवर, हीली मैथ्यूज और जे कलिता को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स को 183 रन का मुश्किल लक्ष्य दिया। मुंबई ने 20 ओवर में चार विकेट पर 182 रन बनाए। उसके लिए नताली सीवर ब्रंट ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 38 गेंद की पारी में नाबाद 72 रन बनाए। इस दौरान नौ चौके और दो छक्के उनके बल्ले से निकले। अमेलिया केर ने 19 गेंद पर 29, हीली मैथ्यूज ने 26 गेंद पर 26 और यास्तिका भाटिया ने 18 गेंद पर 21 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 15 गेंद पर 14 रन बनाए। पूजा वस्त्राकर चार गेंद पर 11 रन बनाकर नाबाद रहीं। यूपी वॉरियर्स के लिए सोफी एक्लेस्टोन ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। अंजलि सरवानी और पार्श्वी चोपड़ा को एक-एक सफलता मिली।

रिलेटेड पोस्ट्स