प्रीतम सिवाच को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवॉर्ड

बीबीसी स्पोर्ट्स वूमेन ऑफ द ईयर
महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान के संघर्ष को सलाम
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान प्रीतम सिवाच को बीबीसी स्पोर्ट्स वूमेन ऑफ द ईयर के लाइफ टाइम एचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर प्रीतम सिवाच हॉकी एकेडमी की खिलाड़ियों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। 
प्रीतम सिवाच ने यह अवॉर्ड नयी दिल्ली स्थित ताज होटल में आयोजित समारोह में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष एवं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी दिलीप टिर्की के हाथों से प्राप्त किया। अवॉर्ड लेकर सोनीपत पहुंचने पर खेलप्रेमियों ने उनका भव्य स्वागत किया। 
प्रीतम सिवाच ने बातचीत में बताया कि भारत में पहली बार बीबीसी द्वारा महिला खिलाड़ी को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया है। यह अवॉर्ड उन्हें उनकी बल्कि देशभर की महिला खिलाड़ियों को एक नई राह दिखाएगा। उन्होंने बताया कि कई दशक से खेल के क्षेत्र में दिए गए योगदान के आधार पर यह अवॉर्ड दिया गया। उन्होंने बताया कि हॉकी खेलते हुए अपनी अगुवाई में देश को कई मेडल दिलाए। इसके लिए उन्हें 1998 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड दिया गया। उसके बाद उन्होंने सोनीपत में लड़कियों को हॉकी के गुर सिखाने के लिए एकेडमी शुरू कर दी। आलम यह था कि शुरूआत में एकेडमी के पास पर्याप्त संसाधन भी नहीं थे। अनेक अवसरों पर उनका वेतन एकेडमी में अभ्यासरत लड़कियों पर ही खर्च हो जाता था। 19 साल की कड़ी मेहनत के बूते वह आज तक देश को सैकडों खिलाड़ी दे चुकी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स