आईपीएल से पहले सौरव गांगुली से मिले धोनी

'जब प्रिंस ने सुपर किंग से मुलाकात की'
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल के आगामी सीजन की तैयारी शुरू कर दी है। वह हाल ही में बल्लेबाजी का अभ्यास करते नजर आए थे। धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन उनकी ब्रांड वैल्यू कम नहीं हुई। वह अभी भी कई विज्ञापनों में नजर आते हैं। धोनी हाल ही में पुलिस की वर्दी में नजर आए थे और अब वह भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली के साथ दिखे हैं।
कहा जा रहा है कि भारत के दो दिग्गज कप्तानों की मुलाकात दिल्ली में हुई है। इस दौरान दोनों ने काफी देर तक बात की है। आईपीएल की फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर धोनी और गांगुली की तस्वीर शेयर की। उसने कैप्शन में लिखा, ''जब प्रिंस ने सुपर किंग से मुलाकात की।'' धोनी ने चेन्नई को चार बार चैंपियन बनाया है और वह आखिरी बार आईपीएल में नजर आ सकते हैं।
माना जा रहा है कि 41 साल के धोनी का यह आखिरी आईपीएल होगा। वह इसके बाद फ्रेंचाइजी क्रिकेट को भी अलविदा कह सकते हैं। दूसरी ओर, गांगुली बीसीसीआई अध्यक्ष पद से हटने के बाद से परिवार को समय दे रहे हैं। गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी का डायरेक्टर बनाया गया है। गांगुली फ्रेंचाइजी की तीन टीमों के डायरेक्टर होंगे। दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी की दो अन्य टीमें इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) और एसए टी20 (ILT20) में हैं।
धोनी की नजर चेन्नई को पांचवीं बार चैंपियन बनाने पर होगी। अब तक 234 आईपीएल मैचों में धोनी ने 39.2 की औसत से 4978 रन बनाए हैं। उन्होंने 2010, 2011, 2018 और 2021 में चार बार चेन्नई को खिताब दिलाया है। पिछले दो आईपीएल संस्करणों में धोनी का स्ट्राइक रेट 130 से कम रहा है। आईपीएल 2022 सीजन में उन्होंने 16 मैचों में 232 रन बनाए।

रिलेटेड पोस्ट्स