शुभमन को जो आउट करेगा उसे देंगे 100 रुपये

बेटे को क्रिकेटर बनाने पिता रखते थे यह शर्त
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
शुभमन गिल भारतीय क्रिकेट के नए स्टार हैं। टेस्ट के बाद वनडे और अब टी20 में धमाकेदार प्रदर्शन करने के बाद वह चर्चा में बने हुए हैं। उनका बल्ला लगातार बोल रहा है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में शानदार शतक लगाकर खास उपलब्धि हासिल कर ली। शुभमन तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज हैं।
शुभमन की सफलता के पीछे उनके पिता का बड़ा योगदान है। घर वालों के समर्थन से ही शुभमन इस खेल में आगे बढ़ पाए। पिता ने बचपन से ही उन्हें काफी अभ्यास करवाया। पंजाब के फाजिल्का के रहने वाले शुभमन बचपन में कई गेंदबाजों का सामना करते थे। इसके लिए उनके पिता अलग तरकीब अपनाते थे। वह गेंदबाजों के सामने शुभमन को आउट करने के लिए शर्त रखते थे। इस स्टार बल्लेबाज ने खुद ही बताया था कि पिता गेंदबाजों से कहते थे कि जो शुभमन को आउट करेगा उसे वह 100 रुपये देंगे।
शुभमन गिल ने बताया था कि उनका पूरा परिवार खेती पर निर्भर था। परिवार गांव में ही रहता था और उन्हें अभ्यास करने के लिए चंडीगढ़ जाना पड़ता था। यह दूरी काफी लम्बी होती थी। इसे देखते हुए पिता ने एक बड़ा फैसला किया था। उन्होंने चंडीगढ़ शिफ्ट होने का फैसला किया। वह खेती के लिए कभी-कभी गांव आया करते थे। इसका असर खेती पर पड़ने लगा।
शुभमन गिल को अपने शुरुआती समय में युवराज सिंह और हरभजन सिंह से खास मदद मिली थी। तब वह घरेलू क्रिकेट में आए थे तब इन दोनों दिग्गजों ने उन्हें काफी मदद की। शुभमन ने बताया था कि युवराज सिंह ने लॉकडाउन के दौरान उनकी काफी सहायता की थी। वह लॉकडाउन के समय युवराज के पास जाते थे। वहीं पर वह अभ्यास, जिम और गपशप करते थे। युवराज को शुभमन ने अपना मेंटर बताया था।
शुभमन ने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच खेला था। उसके बाद उन्हें 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला। इस साल तीन जनवरी को श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने पहला टी20 खेला था।
शुभमन 13 टेस्ट मैचों की 25 पारियों में 736 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 32.00 का रहा है। उनका उच्चतम स्कोर 110 रन है। 21 वनडे में उन्होंने 73.76 की औसत से 1254 रन बनाए हैं। शुभमन के नाम वनडे में चार शतक और पांच अर्धशतक हैं। 208 रन उनका उच्चतम स्कोर है। छह टी20 में उन्होंने 40.40 की औसत से 202 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने एक शतक लगाया है।

रिलेटेड पोस्ट्स