पहले दिन कर्नाटक के शटलरों ने बिखेरा जलवा

ग्वालियर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आगाज
खेलपथ संवाद
ग्वालियर।
ग्वालियर में मंगलवार 31 जनवरी को बैडमिंटन प्रतियोगिता के साथ खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 का आगाज हुआ। कम्पू खेल परिसर स्थित पुलेला गोपीचंद मध्यप्रदेश उत्कृष्ट बैडमिंटन अकादमी में जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी ने पहले मैच में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
ज्ञात हो खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ 30 जनवरी को भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में हुआ। ऐतिहासिक ग्वालियर शहर खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, हॉकी और कलरीपयट्टू की मेजबानी कर रहा है। कम्पू खेल परिसर स्थित मध्यप्रदेश बैडमिंटन अकादमी में मंगलवार से शुरू हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता में बालिका वर्ग के पहले मैच में कर्नाटक की शटलर कर्णिका श्री ने सीधे सेटों में छत्तीसगढ़ की हीरल चौहान को 21-18 व 21-17 से हराया। बालक वर्ग के पहले मैच में कर्नाटक के निकोलस नाथन राज ने राजस्थान के संस्कार सारस्वत को 14 -21, 21-09 व 21-13 से शिकस्त दी।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले दिन हुए अन्य मैचों में कर्नाटक के सात्विक शंकर ने दमनद्वीव के हर्ष चदसामा को 21-06, 21-09 से, पंजाब के अभिनव ठाकुर ने तमिलनाडु  के सात्विक रेड्डी को 21-07 व 21-11 से, उत्तरप्रदेश के गार्गिल गार्गी ने दमनद्वीव के अक्षयराज कुमार को 21-05 व 21-06 से, कर्नाटक के तुषार सुबीर ने मध्यप्रदेश के उदय मुक्ति को 21-11 व 21-11 से, महाराष्ट्र की नायशा कौर भटोए ने राजस्थान की साक्षी फोगाट को सीधे सेटों में 21- 18 व 21-10 एवं हरियाणा के मनराज सिंह ने कर्नाटक के आयुष शेट्टी (2) को 21-18 व 21-13 से हराया। मध्यप्रदेश की शटलर ऐश्वर्या मेहता, आंध्रप्रदेश की रस्मिता दोनेपुड़ी और तमिलनाडु के लोकेश रेड्डी को वॉकओवर मिला।
जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिताएं आज से होंगी शुरू
ग्वालियर स्थित एलएनआईपीई (लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजूकेशन) में एक फरवरी से जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिता शुरू होंगी। इसमें देश भर के 200 से अधिक जिम्नास्ट प्रतिस्पर्धा करेंगे। टीम मध्य प्रदेश में 18 जिम्नास्ट (7 पुरुष और 11 महिला) भाग लेंगे। मध्य प्रदेश महिला जिम्नास्टिक टीम की कोच मेघा साहू का कहना है कि उन्हें अपनी बालिका जिम्नास्टों से पदक की बड़ी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हमारी जिम्नास्ट मानसिक रूप से तनावग्रस्त नहीं हैं। हमारी लड़कियों ने कड़ी मेहनत की है और हम यहां पदक जरूर प्राप्त करेंगे। मध्यप्रदेश महिला जिम्नास्टिक टीम में ग्यारह लड़कियां विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। जिनमें पांच लड़कियां रिदमिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जबकि अन्य 6 बालिकायें कलात्मक जिम्नास्टिक प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी।
मध्यप्रदेश बालक जिम्नास्टिक टीम के सात खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। मध्यप्रदेश बॉयज जिम्नास्टिक टीम के कोच सतनारायण पड़वार ने कहा है कि उनकी टीम के सातों लड़के पूरी तरह से फिट हैं और प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यह अनुमान लगाना संभव नहीं है कि हम कितने पदक जीतेंगे लेकिन मुझे अपने लड़कों से कम से कम तीन से चार पदक मिलने की उम्मीद है।

रिलेटेड पोस्ट्स