चैम्पियन बनने के बाद खूब नाचीं भारत की बेटियां

'काला चश्मा' गाने पर किया डांस
पोटचेफ्स्ट्रूम।
भारतीय टीम अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के पहले संस्करण में चैम्पियन बन गई है। फाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को सात विकेट से हरा दिया। जीत के बाद भारतीय टीम का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। दरअसल, भारतीय खिलाड़ियों ने जीत के बाद 'काला चश्मा' गाने पर खूब डांस किया। इसका वीडियो खुद आईसीसी ने शेयर किया है।
भारतीय अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप चैम्पियन बन गई है। फाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को सात विकेट से हरा दिया। यह महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप का पहला संस्करण है और भारत ने जीतकर इतिहास रच दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 68 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने 14 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारतीय महिल टीम की तरह पिछले साल पुरुषों के अंडर-19 विश्व कप में भारत ने फाइनल में इंग्लैंड को हराया था और चैम्पियन बने थे। यह अजब संयोग है कि भारतीय अंडर-19 पुरुष और महिला दोनों टीमें इंग्लैंड को हराकर ही चैंपियन बनी हैं। यश ढुल की कप्तानी में पिछले साल भारत ने अंडर-19 विश्व कप जीता था। हालांकि, वह टूर्नामेंट 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला गया था। वहीं, महिला टीम की कप्तान शेफाली वर्मा रहीं। भारत को ग्रुप-डी में दक्षिण अफ्रीका, यूएई और स्कॉटलैंड के साथ रखा गया था। ग्रुप स्टेज के अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराया था। इसके बाद यूएई को भारत ने 122 रन और स्कॉटलैंड को 83 रनों के बड़े अंतर से हराया था। भारत की अंडर-19 टीम की कई खिलाड़ियों का अगले महीने होने वाले सीनियर महिला टी20 विश्व कप टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में चयन हो सकता है। शेफाली वर्मा के अलावा श्वेता सहरावत, पार्श्वी चोपड़ा और ऋचा घोष जैसी खिलाड़ी सीनियर टीम में जगह बना सकती हैं।
सुपर सिक्स में मिली एकमात्र हार
सुपर-सिक्स स्टेज के ग्रुप-वन में भारत का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से हुआ। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की। यह इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की पहली और एकमात्र हार थी। इसके बाद सुपर सिक्स के ही दूसरे मैच में भारत ने श्रीलंकाई टीम को सात विकेट से शिकस्त दी और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया। सेमीफाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराया। फाइनल को सात विकेट से जीतकर भारतीय टीम चैंपियन बन गई।

 

रिलेटेड पोस्ट्स