भारतीय टीम टोक्यो ओलम्पिक की परछाई भी नहीं थी

न्यूजीलैंड से पराजय के बाद टूटा करोड़ों भारतीयों का दिल
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर।
हॉकी वर्ल्ड कप में चैम्पियन बनने की भारतीय उम्मीदें रविवार को टूट गईं। न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को हराकर इन उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया। न्यूजीलैंड ने कलिंगा स्‍टेडियम में खेले गए हॉकी वर्ल्‍ड कप के क्रॉस-ओवर मुकाबले में भारत को पेनाल्टी शूटआउट में 5-3 से हराया। भारत की इस हार से दुखी ओलम्पियन वीरेन रसक्विन्हा ने लिखा, ‘सच तो यह है कि हमारी मौजूदा टीम, टोक्यो ओलम्पिक में मेडल जीतने वाली टीम की परछाई जैसी भी नहीं थी।’
मेजबान भारत और न्यूजीलैंड के बीच हॉकी वर्ल्‍ड कप का क्रॉस-ओवर मुकाबला कलिंगा स्‍टेडियम में खेला गया। क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए यह मुकाबला जीतना जरूरी था। भारतीय हॉकी टीम ने ग्रुप दौर में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। इस कारण टीम से बड़ी उम्मीदें थीं, जो पूरी नहीं हो सकीं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्रॉस-ओवर मुकाबला 3-3 से बराबरी पर छूटा। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट हुआ, जिसमें नतीजा न्यूजीलैंड के पक्ष में रहा। इस हार के साथ ही भारत की टीम हॉकी वर्ल्‍ड कप 2023 से बाहर हो गई। दूसरी ओर न्‍यूजीलैंड की टीम ने क्‍वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत की यह हार इसलिए और दुखदायी है क्योंकि वह एक समय 3-1 से आगे थी।
भारत की हार पर ओलम्पियन वीरेन रसक्विन्हा ने दुख जताया। साथ ही ट्वीट किया कि भारत की मौजूदा टीम, टोक्यो ओलम्पिक में मेडल जीतने वाली टीम की परछाई जैसी भी नहीं थी।’ वीरेन के इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘भारत ने वर्ल्ड कप में सबसे अधिक पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन उन्हें कन्वर्ट करने में काफी खराब प्रदर्शन रहा। ऐसे में हम कैसे मैच जीत सकते हैं।’

रिलेटेड पोस्ट्स