अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने खेल मंत्री को सफाई दी

बजरंग पूनिया बोले- यह सम्मान की लड़ाई
रेसलिंग फेडरेशन आफ इंडिया के अध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न का आरोप
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय पहलवान लगातार दूसरे दिन भी जंतर-मंतर पर धरना दे रहे है। विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने बुधवार को रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि कोच भी सालों से महिला खिलाड़ियों का यौन शोषण कर रहे हैं। खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ से 72 घंटे के अंदर जवाब मांगा है।
भारतीय कुश्ती संघ के चीफ और सांसद बृजभूषण ने खेल मंत्री को फोन कर सफाई दी। उन्होंने कल कहा था कि, एक भी आरोप सही निकले तो फांसी चढ़ा देना। उन्होंने कहा, "पहलवानी में सबसे बेहतर परफॉर्मेंस की उम्र 22 से 28 के बीच होती है। प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ी ओलम्पिक मेडल नहीं जीत सकते। यह वजह गुस्से में तब्दील हो रही है और इसीलिए वो प्रोटेस्ट कर रहे हैं।"
साक्षी और विनेश ने मौन व्रत शुरू किया। बजरंग पूनिया ने कहा कि जब तक समस्या का हल नहीं निकल जाता, तब तक टॉप रेसलर्स कोई टूर्नामेंट नहीं खेलेंगे। महावीर फोगाट बोले - लड़ाई अध्यक्ष के खिलाफ, संघ या सरकार से कोई लेना देना नहीं। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा - इन खिलाड़ियों की आवाज सुनी जानी चाहिए। चैम्पियन रेसलर और भाजपा नेता बबीता फोगाट ने कहा - सरकार पहलवानों के साथ, आज मामला सुलझ जाएगा।
विनेश फोगाट ने बुधवार को धरने में कहा था- नेशनल कैम्प्स में वुमन रेसलर्स का प्रेसिडेंट बृजभूषण शरण सिंह और कोच यौन उत्पीड़न करते हैं। नेशनल कैम्प्स में पोस्टेड कुछ कोच तो वुमन रेसलर्स का सालों से यौन उत्पीड़न करते आ रहे हैं। कई महिला पहलवानों ने इसकी शिकायत भी की। विनेश ने आगे कहा कि, टोक्यो ओलम्पिक में हार के बाद भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने मुझे 'खोटा सिक्का' कहा। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मैं हर दिन अपने जीवन को समाप्त करने के बारे में सोचती थी। अगर किसी पहलवान को कुछ होता है तो जिम्मेदारी भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष पर होगी।
विनेश यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने कहा- कोच महिलाओं को प्रताड़ित कर रहे हैं। हमारी स्थिति यह है कि अगर पानी भी बिना परमीशन के पी लिया तो फेडरेशन नाराज हो जाती है। हमें मारने की धमकी दी जा रही है। हमारे साथ कुछ भी होता है तो उसके लिए अध्यक्ष जिम्मेदार होंगे। हम लोग अपना करियर दांव पर लगाकर यहां धरने पर बैठे हैं।
विनेश ने आगे बताया कि फेडरेशन खिलाड़ियों पर जबरदस्ती बैन लगाती है जिससे खिलाड़ी खेल न सके। मैं लगभग 10 साल से फेडरेशन से बात करने और हमारे मुद्दों को समझाने की कोशिश कर रही हूं, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है।
बजरंग पूनिया ने कहा कि हमारा विरोध भारतीय कुश्ती संघ और जिस तरह वे पहलवानों के हितों को ध्यान में रखे बिना काम कर रहे हैं उसके खिलाफ है। इसका राजनीति से कुछ भी लेना-देना नहीं है। अध्यक्ष को इस्तीफा देना चाहिए। हम प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से सीधे बात करेंगे। सूत्रों ने बताया कि विशाखापट्टनम में सीनियर रेसलिंग चैम्पियनशिप में फेडरेशन ने नए रेफरी बुला लिए थे। नए रेफरियों को नियमों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने गलत निर्णय दिए। इससे प्लेयर्स में बड़ा असंतोष रहा और लड़ाईयां भी हुईं।
बजरंग पूनिया के पर्सनल कोच सुजीत मान ने एक मैच के निर्णय पर सवाल उठाया तो उन्हें फेडरेशन ने सस्पेंड कर दिया। सोनीपत में लगे सीनियर कैंप में सुजीत मान का नाम नहीं है। फेडरेशन की ऐसी ही मनमानियों के कारण धरना दिया जा रहा है।
हमारे निजी जीवन में दखलंदाजी - अन्य पहलवान
भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष हमारे निजी जीवन में भी दखल देते हैं और हमें परेशान करते हैं। वे हमारा शोषण कर रहे हैं। जब हम ओलम्पिक में गए थे तो हमारे पास फिजियो या कोच नहीं था। दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों ने कहा- जब से हमने आवाज उठाई है, हमें धमकाया जा रहा है। इधर, अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा - विनेश फोगाट के आरोप बेबुनियाद हैं। उनके पास आरोपों का कोई सबूत नहीं है। आरोप सही हुए तो फांसी पर लटक जाउंगा।
वहीं महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीमाल धरने पर बैठे खिलाड़ियों से मिली थीं और उन्होंने खेल मंत्रालय और दिल्ली पुलिस को नोटिस दिया। उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा था- यह बड़े शर्म की बात है कि हमारे देश के लिए मेडल लाने वाली शेरनियां सड़क पर धरने पर बैठी हैं।
भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ पहलवानों के विरोध पर असिस्टेंट सेक्रेटरी विनोद तोमर ने कहा कि मुझे पता नहीं है ये किस बारे में है। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष को सभी रेसलर ने पत्र लिखा, उससे मुझे प्रदर्शन के बारे में पता चला। मैं यहां उनसे उनकी समस्या पूछने आया हूं। जहां सभी पहलवान भारतीय कुश्ती संघ का विरोध कर रहे है, वहीं, कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्ट दिव्या काकरान कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के समर्थन में आई हैं।
बजरंग के समर्थन में उनके पूर्व कोच वीरेंद्र पहलवान ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न जैसी बातें सामने आती हैं तो यह हमारे लिए बड़े दुर्भाग्य की बात है। सरकार को इस पर पूरा एक्शन लेना चाहिए, पूरी जांच पड़ताल करनी चाहिए। ये बहुत ही गंभीर विषय है। मामले इसी प्रकार उठते रहे तो कौन बाप अपनी बेटियों को खेलों में भेजेगा। हमारा खेल राष्ट्र की सुरक्षा के साथ भी जुड़ा हुआ है। हमारे जवान, युवा जवान तगड़े (ठाडे), बुद्धिमान होंगे तो उससे ही देश की रक्षा होगी।
कैसरगंज से भाजपा सासंद और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने रांची में मंच पर एक युवा पहलवान को थप्पड़ जड़ दिया। उनकी इस हरकत का वीडियो सामने आया है। बृजभूषण शरण सिंह ने जिस पहलवान को थप्पड़ जड़ा है, वह UP का रहने वाला है और अंडर-15 नेशनल कुश्ती चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने रांची गया था।

रिलेटेड पोस्ट्स