एसजीएफआई के अध्यक्ष चुने गए दीपक कुमार

कीर्ति पंवार महासचिव तथा विस्मय व्यास कोषाध्यक्ष बने
खेलपथ संवाद
नयी दिल्ली।
लम्बी जद्दोजहद के बाद आखिरकार स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया के चुनाव हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के माध्यमिक एवं बुनियादी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार को मंगलवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए चुनाव में भारतीय स्कूल खेल महासंघ (एसजीएफआई) का अध्यक्ष चुना गया। रवि कुमार गुप्ता और मुखतेज सिंह उपाध्यक्ष चुने गए, जबकि कीर्ति पंवार को महासचिव तथा विस्मय व्यास को कोषाध्यक्ष चुना गया।
डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा व निबेदन दास पटवारी संयुक्त सचिव पद पर आरूढ़ हुए वहीं भगवती सिंह, एनआर मुरली, पइमोंग मोग व विजय दत्ता कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। अब अप्रैल माह में एसजीएफआई के राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया जाएगा। चुनाव सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी उमेश सिन्हा की देखरेख में सम्पन्न हुए।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक कुमार ने नव निर्वाचित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे पूरे मनोयोग से स्कूली खेल को सुदृढ़ करने के लिए काम करें तथा प्रयास करें कि पूरे देश में एक अप्रैल से स्कूली खेल सुचारु रूप से संचालित हों सकें। राष्ट्रीय स्तर पर यह चुनाव खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा कराया गया। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया सम्पूर्ण देश में स्कूली खेलों को संचालित करती है तथा स्कूल से ओलम्पिक स्तरीय खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से कार्य करती है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स