जूनियर खिलाड़ियों की मदद को आगे आए ओलम्पिक संघ

आईओए की पहली बैठक में योगेश्वर दत्त ने उठाए मुद्दे
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की नयी दिल्ली में सोमवार को आयोजित पहली बैठक में ओलम्पिक पदक विजेता सोनीपत के पहलवान योगेश्वर दत्त ने खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने जूनियर खिलाड़ियों की आर्थिक मदद करने का मुद्दा भी उठाया। साथ ही हरियाणा में होने वाले विभिन्न खेलों के ट्रायल में आईओए का प्रतिनिधि नियुक्त किए जाने पर जोर दिया।
नयी कार्यकारिणी चुने जाने के बाद सोमवार को भारतीय ओलम्पिक संघ की बैठक नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में हुई। बैठक में संघ के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। योगेश्वर ने बैठक में कहा कि प्रदेश में होने वाले विभिन्न खेलों के ट्रायल में खिलाड़ी पक्षपात का आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर भारतीय ओलम्पिक संघ इन ट्रायलों में अपना एक प्रतिनिधि तैनात कर दे तो पक्षपात के ऐसे आरोप लगने बंद हो जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि ओलम्पिक संघ जहां पहले सीनियर खिलाड़ियों को स्पांसर करता था, वहीं संघ को जूनियर खिलाड़ियों की भी आर्थिक मदद देने की भी योजना तैयार करनी चाहिए, ताकि इससे खिलाड़ी आगे बढ़ सकें।
योगेश्वर ने कहा कि कई गरीब प्रतिभावान खिलाड़ी आर्थिक तंगी की वजह से अपनी तैयारी ठीक से नहीं कर पाते, इसके लिए संघ को इन खिलाड़ियों की मदद के लिए छात्रवृत्ति शुरू करनी चाहिए। बैठक में ओलम्पिक में शामिल सभी खेलों को मंजूरी देने का मुद्दा भी छाया रहा। ओलम्पिक में शामिल सभी खेलोंं में से कई खेलों को भारतीय ओलम्पिक संघ की मंजूरी नहीं है। बैठक में शामिल अधिकारियों ने कहा कि ओलम्पिक में शामिल सभी खेलों को आईओए को स्वीकृति देनी चाहिए। योगेश्वर दत्त ने बताया कि संघ के पदाधिकारियों ने सभी मुद्दों को नोट कर लिया है। संघ विभिन्न फेडरेशनों के साथ विचार कर इन प्रस्तावों को लागू करने की योजना पर काम करेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स