दुनिया से न्यारे सबके प्यारे नीरज चोपड़ा हमारे

ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता भारतीय सितारे ने सभी को पीछे छोड़ा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर और ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने एक खास उपलब्धि अपने नाम की है। वह दुनिया के सबसे तेज धावक और पूर्व ओलम्पिक चैम्पियन उसैन बोल्ट को पीछे छोड़कर एक खास उपलब्धि हासिल की है। नीरज साल 2022 में ऐसे एथलीट बन गए हैं, जिन पर सबसे ज्यादा आर्टिकल लिखे गए हैं। बोल्ट भी नीरज चोपड़ा से पीछे छूट गए हैं।
टोक्यो ओलम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा पर इस साल 812 आर्टिकल लिखे गए, जो एथलीट्स में सबसे ज्यादा हैं। विश्व एथलेटिक्स संघ द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में नीरज को पहला स्थान मिला वहीं, जमैका के स्प्रिंटर एलेन थॉम्पसन-हेराह 751 आर्टिकल के साथ दूसरे स्थान पर रहे। 100 मीटर स्प्रिंट के विश्व चैम्पियन शेली एन फ्रेजर पर 698 आर्टिकल लिखे गए और वह तीसरे स्थान पर रहे वहीं, 200 मीटर की चैम्पियन शेरिका जैक्सन 679 आर्टिकल के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
आठ बार के ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता उसैन बोल्ट पर इस साल 574 आर्टिकल ही लिखे गए हैं। यह पहली बार है कि बोल्ट किसी साल सर्वाधिक आर्टिकल लिखे जाने वाले एथलीट्स में पहले स्थान पर नहीं रहे। बोल्ट 2017 में संन्यास ले चुके हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता काफी है। बोल्ट के नाम 100 मीटर और 200 मीटर स्प्रिंट में वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है। वह 11 बार के विश्व चैम्पियन हैं।
नीरज के लिए यह साल शानदार रहा है। उन्होंने टोक्यो ओलम्पिक के बाद इस साल वर्ल्ड चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया और रजत पदक अपने नाम किया था। इसके बाद वह कॉमनवेल्थ गेम्स में नहीं खेले थे। हालांकि, डायमंड लीग से उन्होंने वापसी की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए। नीरज फिलहाल अगले सीजन और एशियन गेम्स की तैयारी में जुटे हुए हैं। हर भारतीय को उम्मीद है कि नीरज एथलेटिक्स में नए प्रतिमान गढ़ेंगे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स