खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा भारत बनेगा विश्व विजेता

दिल्ली आई हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का अनावरण
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
देश के कई राज्यों से होते हुए हॉकी विश्व कप 2023 की ट्रॉफी दिल्ली पहुंच गई। इस बार हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन उड़ीसा में 13 जनवरी से 29 जनवरी के बीच होने जा रहा है। दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में इस ट्रॉफी का अनावरण खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के हाथों किया गया। इस मौके पर उनके अलावा पूर्व हॉकी खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद, 1975 में भारत के लिए पहला हॉकी वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाले पूर्व कप्तान अजीत पाल सिंह के अलावा हॉकी इंडिया के कई अधिकारी भी मौजूद थे।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने यहां आने के बाद पहले मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया और फिर वर्ल्ड कप ट्रॉफी का अनावरण किया। इस मौके पर कई स्कूलों के युवा खिलाड़ी भी मौजूद थे। प्रतिमा के अनावरण के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा कि मेजर ध्यानचंद भारतीय हॉकी की शान हैं और वो सबकी प्रेरणा के स्रोत हैं। वहीं उन्होंने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के बारे में कहा कि इस टीम ने पिछले ओलम्पिक में 41 साल के सूखे को खत्म करते हुए कांस्य पदक जीता था और उन्हें भरोसा है कि एक बार फिर से भारतीय टीम विश्व चैम्पियन बनेगी। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम की भी सराहना की और बताया कि इस टीम ने भी ओलम्पिक में चौथे स्थान पर रहते हुए देश का मान बढ़ाया था।
इस मौके पर मेजर ध्यानचंद के बेटे व पूर्व हॉकी खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद ने पुरानी यादें ताजा कीं और बताया कि किस तरह से 1975 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम विश्व चैम्पियन बनी थी। उन्होंने कहा कि हम एकगुट होकर खेले थे और हमारा ध्यान सिर्फ विजेता बनने पर था और हम जीत गए। उन्होंने अगले हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं और कहा कि पूरे देश का समर्थन टीम के साथ है।
ट्रॉफी अनावरण के मौके पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में पढ़ने वाली सुमन ने बताया कि मैंने हॉकी वर्ल्ड कप को देखा और मैं चाहती हूं कि ये हमारे देश में ही रहे। इस बार भारत ही वर्ल्ड कप खिताब जीते और यह देश के बाहर न जाए। उन्होंने कहा कि मैं हॉकी खेलती हूं और देश का प्रतिनिधित्व भी करना चाहती हूं साथ ही देश के लिए मेडल जीतने की मेरी तमन्ना है। वहीं इसी कॉलेज की छात्रा व हॉकी खिलाड़ी जिया ने कहा कि हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी को देखना बड़ा ही रोमांचकारी है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को देखकर मुझे काफी प्रेरणा मिली और रानी रामपाल मेरी फेवरेट खिलाड़ी हैं।
इसके अलावा शिवानी ने कहा कि मैं चाहती हूं कि हमारी टीम इस बार खिताब जीते। यही नहीं भारतीय महिला हॉकी टीम भी आगे बेहतरीन प्रदर्शन करे मेरी यही शुभकामनाएं हैं वहीं युवा हॉकी खिलाड़ी राजकुमार ने कहा कि मैंने मेजर ध्यानचंद के खेल को यूट्यूब पर देखकर प्रेरणा ली और हॉकी खेलना शुरू किया। मैं चाहता हूं कि भारतीय टीम विजेता बने।

रिलेटेड पोस्ट्स