ऋतुराज गायकवाड़ ने एक ओवर में जड़े सात छक्के

विजय हजारे ट्रॉफी में रचा इतिहास
यूपी के शिवा सिंह के एक ओवर में बनाए 43 रन
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद।
ऋतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी में इतिहास रच दिया है। उन्होंने सोमवार को एक मुकाबले के दौरान एक ही ओवर में सात छक्के जड़े। ऋतुराज ने इस ओवर में 43 रन बनाए। इस तरह वह ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। अब तक क्रिकेट के सभी प्रारूपों में (टी-20, वनडे और टेस्ट) में कोई बल्लेबाज ऐसा नहीं कर सका है। 
ऋतुराज गायकवाड़ महाराष्ट्र के सलामी बल्लेबाज हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान रिकॉर्ड बनाया। पारी के 49वें ओवर में उन्होंने शिवा सिंह के ओवर में सात छक्के जड़े। ओवर की पांचवीं गेंद नो बॉल थी, जिस पर भी बल्लेबाज ने छक्का जड़ दिया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल बीसीसीआई डोमेस्टिक पर इसका वीडियो शेयर किया है। ऋतुराज गायकवाड़ का यह वीडियो खूब देखा जा रहा है। अब तक बहुत कम लोगों ने ऋतुराज गायकवाड़ का नाम सुना था, लेकिन अब उनकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। 
इस मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ ने कप्तानी पारी खेली। गायकवाड़ ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ 159 गेंद पर नाबाद 220 रन बनाए। इसमें 10 चौके और 16 छक्के शामिल हैं। ऋतुराज गायकवाड़ के कमाल से उनकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 330 रन का स्कोर खड़ा किया। 25 वर्षीय गायकवाड़ का ये लिस्ट ए करियर का 13वां शतक है। बता दें कि पारी का 49वां ओवर बाए हाथ के स्पिनर शिवा सिंह डाल रहे थे। जिस पर गायकवाड़ ने 5वीं गेंद नोबॉल डाली, इस तरह से उन्होंने ओवर में 7 छक्के और नोबॉल सहित कुल 43 रन बटोरे। इसके साथ ही वे लिस्ट एर फर्स्ट क्लास या टी20 क्रिकेट में एक ओवर में 7 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बन गए हैं। यूपी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि, महाराष्ट्र की शुरुआत अच्छी नहीं रही, टीम ने महज 41 रन पर 2 विकेट खो दिए थे लेकिन गायकवाड़ एक ओर डटे रहे उन्होंने तीसरे विकेट के लिए अंकित बावने के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी की है। जबकि अंकित 54 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हुए।
ऋतुराज गायकवाड़ ने 109 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। 150 रनों का सफर उन्होंने 138 गेंदों में किया। मतलब 50 रन महज 29 गेंदों में ही बनाए। ऋतुराज ने भारत की ओर से एक वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस मुकाबले से पहले तक उन्होंने लिस्ट ए के 69 मैचों में 55 की औसत से 3538 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 12 शतक और 16 फिफ्टी बनाईं।

रिलेटेड पोस्ट्स