39 महिला और 38 पुरुष बनाएंगे खेलों की सरकार

आईओए ने किया निर्वाचक मंडल का ऐलान
10 दिसम्बर को होंगे भारतीय ओलम्पिक संघ के चुनाव
आईओए मतदाता सूची में सीएम, मंत्री, सांसद समेत कई नेता
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
10 दिसम्बर को होने जा रहे भारतीय ओलम्पिक संघ के चुनाव में कौन-कौन मतदान करेगा इसकी स्थिति साफ हो गई है। इस बार इन चुनावों में नारी शक्ति का जलवा रहेगा। सोमवार को जो मतदाता सूची जारी हुई उसके 77 सदस्यों में से 39 महिलाएं और 38 पुरुष शामिल हैं। इस सूची में मुख्यमंत्री, सांसद, केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के कई नेता भी शामिल हैं। इस सूची में भारत से अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति की सदस्य नीता अम्बानी भी शामिल हैं।
भारतीय ओलम्पिक संघ के चुनाव में ऐसा पहली बार होगा जब पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या वोट डालने में ज्यादा होगी। आईओए के 10 दिसम्बर को होने वाले चुनाव में इस बार पांच ओलम्पिक पदक विजेताओं पीवी सिंधु, गगन नारंग, योगेश्वर दत्त, साक्षी मलिक और एमएम सोमाया समेत 77 लोगों को वोटिंग का अधिकार मिला है। इनमें 38 वोट पुरुषों के हैं, जबकि 39 वोट महिलाओं के हैं।
रिटर्निंग ऑफिसर उमेश सिन्हा की ओर से जारी की गई मतदाता सूची में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद बृजभूषण शरण सिंह समेत कई भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को वोटिंग का अधिकार मिला है। हिमंता बिस्वा सरमा को तो अध्यक्ष पद का सबसे बड़ा दावेदार भी बताया जा रहा है।
योगेश्वर और एमएम सोमाया को नए एथलीट आयोग ने उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (एसओएम) के आठ खिलाड़ियों के हिस्से के रूप में चुना, जबकि साक्षी को भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) द्वारा ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु, गगन नारंग और साक्षी मलिक समेत कई मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी भारतीय ओलम्पिक संघ के 10 दिसम्बर को होने वाले चुनाव में 77 मतदाताओं में शामिल होंगे।
मतदान अधिकारी उमेश सिन्हा ने सोमवार को 77 सदस्यीय निर्वाचक मंडल की सूची जारी की जिसमें 33 राष्ट्रीय खेल संघों के 66 सदस्य शामिल हैं। इन सभी ने एक पुरुष और एक महिला को नामित किया है। इसके अलावा एसओएम के आठ (चार पुरुष और चार महिला), एथलीट आयोग से दो (एक पुरुष और एक महिला) को नामित किया गया। इसमें भारत से अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति की सदस्य  नीता अम्बानी भी शामिल हैं।
पिछले कुछ समय से विवादों में रहे आईओए के लिए यह किसी बड़ी उपलब्धि की तरह है क्योंकि पुरुष से अधिक महिला सदस्य मतदान करेंगी। यह चुनाव उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त पूर्व न्यायाधीश एल. नागेश्वर राव द्वारा तैयार किए गए नए संविधान के तहत होने वाले हैं। आईओसी से मंजूरी मिलने के बाद आईओए ने 10 नवम्बर को नए संविधान को अपनाया।
इस निर्वाचक मंडल में लगभग 25 प्रतिशत सदस्य वर्तमान या पूर्व खिलाड़ी हैं। नए संविधान के तहत आईओए की महासभा में पुरुष और महिला मतदान अधिकार सदस्यों की समान संख्या होगी। एथलीट आयोग के दो सदस्यों और आठ एसओएम के अलावा, कुछ अन्य एनएसएफ ने भी निर्वाचक मंडल में पूर्व खिलाड़ियों को नामित किया है।
भारतीय ल्यूज महासंघ का प्रतिनिधित्व छह बार के शीतकालीन ओलम्पियन शिवा केशवन और एक एथलीट जाह्नवी रावत द्वारा किया जाएगा। इसी तरह अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने अपने अध्यक्ष एवं पूर्व गोलकीपर कल्याण चौबे और पूर्व महिला राष्ट्रीय टीम खिलाड़ी थोंगम तबाबी देवी को निर्वाचक मंडल में सदस्य के रूप में भेजा है।
पूर्व रग्बी खिलाड़ी और अभिनेता राहुल बोस खेल के राष्ट्रीय महासंघ के दो नामांकित लोगों में से एक हैं, जबकि ओलम्पियक फर्राटा धावक और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के अध्यक्ष आदिल सुमरिवाला अपने संगठन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। निवर्तमान महासचिव राजीव मेहता भारतीय तलवारबाजी संघ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
एसओएम के अन्य छह सदस्यों में  पीटी ऊषा (एथलेटिक्स), सुमा शिरूर (निशानेबाजी), रोहित राजपाल (टेनिस), अपर्णा पोपट (बैडमिंटन), अखिल कुमार (मुक्केबाजी) और डोला बनर्जी (तीरंदाजी) हैं। नए संविधान के तहत, निर्वाचक मंडल एनएसएफ के केवल उन सदस्यों से बना है जिनके खेल ओलम्पिक या एशियाई खेलों या राष्ट्रमंडल खेलों के कार्यक्रम में शामिल हैं। इससे खो-खो, बिलियर्ड्स और स्नूकर जैसे राष्ट्रीय महासंघों को बाहर रखा गया है यह खेल इन तीन बहु-खेल आयोजनों का हिस्सा नहीं हैं।
आईओए के चुनाव एक अध्यक्ष, एक सीनियर उपाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष (एक पुरुष और एक महिला), एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव (एक पुरुष और एक महिला), छह अन्य कार्यकारी परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए होंगे। कार्यकारी सदस्य में से दो (एक पुरुष और एक महिला) निर्वाचित एसओएम से होंगे। कार्यकारी परिषद के दो सदस्य (एक पुरुष और एक महिला) एथलीट आयोग के प्रतिनिधि होंगे। नए संविधान के तहत राज्य ओलम्पिक निकायों से उनके मतदान अधिकार वापस ले लिए गए हैं।
मतदाता सूची में विशिष्ट खिलाडिय़ों के रूप में शामिल किए गए 8 सदस्य योगेश्वर दत्त, अखिल कुमार, रोहित राजपाल, एमएम सोमाया, पीटी ऊषा, सुमा शिरूर, अपर्णा पोपट, डोला बनर्जी के अलावा एथलेटिक कमीशन के सदस्य गगन नारंग और पीवी सिंधु शामिल किए गए हैं। 
इनके अलावा भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष हिमंत बिस्वा सरमा, कुश्ती संघ से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह, टेनिस से भाजपा नेता अनिल जैन, एनआरएआई से भाजपा के एक शीर्ष नेता के बेहद करीबी अजय पटेल, पूर्व विदेश राज्य मंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी और भाजपा विधायक शूटर श्रेयषी सिंह की मां पुतुल कुमारी, हैंडबाल से हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के भाई दिग्विजय चौटाला, साइकलिंग से अकाली नेता परमिंदर सिंह ढींढसा, फुटबाल से भाजपा नेता और पूर्व गोलकीपर कल्याणा चौबे आईओए के चुनाव में मतदान करेंगे।
33 खेल संघों ने चुने अपने प्रतिनिधि
कुश्ती संघ ने साक्षी मलिक को अपना महिला मतदाता चुना है। स्क्वैश से भी पूर्व खिलाड़ी भुवनेश्वरी कुमारी मतदाता हैं। एथलेटिक फेडरेेशन से ओलंपियन आदिल सुमारीवाला, विंटर ओलंपियन शिवा केशवन लूज से मतदाता सूची में शामिल हुए हैं। कुल 77 लोगों की मतदाता सूची बनी है, जिसमें ओलंपिक, एशियाई, राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल 33 खेल संघों के दो प्रतिनिधि (एक पुरुष और एक महिला) शामिल हैं, जबकि एक वोटर आईओसी में देश की प्रतिनिधि नीता अंबानी शामिल हैं। हैंडबाल संघ के आनंदेश्वर पांडेय ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नियमों के खिलाफ जाकर लोग मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। जिस हैंडबाल संघ के पदाधिकारी शामिल किए गए हैं उसे अंतरराष्ट्रीय और एशियाई संघ से मान्यता प्राप्त नहीं है। फिर हैंडबाल संघ खेल मंत्रालय से प्रतिबंधित भी चल रहा है।

रिलेटेड पोस्ट्स