विराट कोहली के नाम सबसे ज्यादा रन

सिकंदर ने लगाए सबसे ज्यादा छक्के
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टी20 वर्ल्ड कप 2022 का समापन हो चुका है। फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया और दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले टीम 2010 में भी टी20 चैंपियन बनी थी। इस टूर्नामेंट में भारत के विराट कोहली का दबदबा रहा। उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा टॉप पर रहे। हालांकि, इन दोनों में से कोई भी टीम फाइनल में नहीं पहुंची। हम आपको इस टूर्नामेंट के टॉप-10 सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज, सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज और सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज और अन्य आंकड़ों के बारे में बता रहे हैं...
सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में भारत के विराट कोहली टॉप पर रहे। उन्होंने छह मैचों में 98.66 की औसत और 136.40 के स्ट्राइक रेट से 296 रन बनाए। इसमें चार अर्धशतक शामिल है। वह दूसरे स्थान पर रहे नीदरलैंड के मैक्स ओ'डॉड से 54 रन आगे रहे। मैक्स आठ मैचों में 242 रन के साथ दूसरे और सूर्यकुमार यादव छह मैचों में 239 रन के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर छह मैचों में 225 रन के साथ चौथे स्थान पर रहे।
सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
श्रीलंका के वानिंदु हसारंगा ने पिछले टी20 विश्व कप की तरह इस टी20 विश्व कप में अपना धाक जमाई। मिस्ट्री स्पिनर के नाम से मशहूर हसारंगा ने 2021 टी20 विश्व कप में 16 विकेट चटकाए थे। वहीं, 2022 टी20 विश्व कप में उन्होंने आठ मैचों में 15 विकेट लिए। इनमें क्वालिफायर के मैच भी जुड़े हैं। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर सैम करन और नीदरलैंड के डी लीड रहे। करन ने छह मैचों में 13 विकेट, जबकि नीदरलैंड के डी लीड ने आठ मैचों (क्वालिफायर्स समेत) में 13 विकेट लिए।
विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ स्कोर
इस विश्व कप में दो शतक लगे। दक्षिण अफ्रीका के राइली रूसो और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स ऐसा करने वाले बल्लेबाज रहे। रूसो ने बांग्लादेश के खिलाफ 56 गेंदों में 109 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और आठ छक्के लगाए थे। यही इस विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ पारी है। दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन का है, जो फिलिप्स ने श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। अपनी 64 रन की पारी में उन्होंने 10 चौके और चार छक्के लगाए।
विश्व कप में सबसे ज्यादा छक्के
जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा ने टी20 विश्व कप 2022 में सबसे ज्यादा छक्के लगाए। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 11 छक्के लगाए। दूसरे नंबर पर 10 छक्कों के साथ इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स और श्रीलंका के कुसल मेंडिस रहे। तीसरे नंबर पर नौ छक्कों के साथ दक्षिण अफ्रीका के राइली रूसो रहे। 
विश्व कप में सबसे ज्यादा कैच
इस विश्व कप में सबसे ज्यादा कैच श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने लिए। उन्होंने आठ मैचों में नौ कैच लिए। दूसरे नंबर पर सात कैच के साथ आयरलैंड के मार्क अडेयर रहे। इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन और भारत के सूर्यकुमार यादव छह मैचों में छह कैच के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
विश्व कप की सबसे तेज गेंद
इस विश्व कप में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के मार्क वुड के नाम रहा। उन्होंने 154.4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी। वहीं, दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नॉर्त्जे रहे। उन्होंने 153.4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी।

रिलेटेड पोस्ट्स