सात्विक-चिराग की जोड़ी का कमाल

टॉप सीड तकूरो-युगो को हराया, सेमीफाइनल में पहुंचे
पेरिस।
फ्रेंच ओपन में शुक्रवार को पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल मैच में चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने कमाल का प्रदर्शन किया। भारतीय जोड़ी ने पूर्व विश्व चैंपियन जापान के ताकुरो होकी और यूगो कोबायाशी को हराकर फ्रेंच ओपन 2022 बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 बैडमिंटन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती बनी हुई है।
दसवीं वरीयता प्राप्त चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त जापानी खिलाड़ियों ताकुरो होकी और यूगो कोबायाशी को 49 मिनट में 23-21, 21-18 से हराया। जापान की यह जोड़ी 2021 में पुरुष युगल में विश्व चैंपियन बनी थी।
सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी का सामना दक्षिण कोरिया के चोई सोल ग्यु और किम वोन हो से होगा। चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने इस महीने की शुरुआत में जापानी जोड़ी को विश्व चैंपियनशिप से बाहर कर कांस्य पदक जीता था। इस मैच में भी भारतीय जोड़ी ने मजबूत शुरुआत की और जल्दी से 20-16 की बढ़त बना ली। फिर भी, ताकुरो होकी और यूगो कोबायाशी ने चार गेम अंक बचाकर स्कोर को 20 पर बराबर कर दिया। हालांकि, 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन भारतीय टीम ने संयम बनाए रखा और पहला गेम अपने नाम किया। दूसरा गेम भी उतना ही रोमांचक रहा। दुनिया की नंबर एक पुरुष जोड़ी ताकुरो होकी और यूगो कोबायाशी ने 18-16 की बढ़त बनाई, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार पांच अंक लेकर मैच अपने नाम कर लिया।
चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने जापानी जोड़ी के खिलाफ चार मैच खेले हैं और तीन में जीत हासिल की है। इससे पहले किदांबी श्रीकांत फ्रेंच ओपन 2022 बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 प्रतियोगिता के दूसरे दौर में डेनमार्क के रासमस गेमके के खिलाफ बढ़त बनाकर पुरुष एकल मैच हार गए थे। बैडमिंटन में इस समय 11वें स्थान पर काबिज पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत एक घंटे पंद्रह मिनट में 21-19, 12-21 और 19-21 से मैच हार गए, समीर वर्मा टोक्यो 2020 के कांस्य पदक विजेता एंथनी सिनिसुका गिनटिंग पर जीत के बाद थाईलैंड के कुनलावुत विटिडसर्न से 21-18, 21-11 से हार गए। एचएस प्रणय, जो वर्तमान में 2022 में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए पहले स्थान पर थे, चीन के लू गुआंग से 19-21, 22-20 और 19-21 से हारकर बाहर हो गए।

रिलेटेड पोस्ट्स