अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय

500 महिला और 500 पुरुष खिलाड़ियों के लिए 1000 सीटें होंगी
स्टेडियम में 25 हजार दर्शकों के बैठने की होगी व्यवस्था
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
मेरठ के सरधना में प्रस्तावित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगी। 90 एकड़ में बनने वाले प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय में ओलम्पिक खेलों से संबंधित अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं खिलाड़ियों को पीएचडी, एमफिल, मास्टर व बैचलर डिग्री और पीजी डिप्लोमा करने का भी अवसर मिलेगा। यह जानकारी अपर मुख्य सचिव खेल नवनीत सहगल ने बृहस्पतिवार को वन विभाग के पारिजात सभागार में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा के दौरान दी।
श्री सहगल ने बताया कि खेल विश्वविद्यालय में 500 महिला और 500 पुरुष खिलाड़ियों के लिए कुल 1000 सीटें होंगी। उन्होंने खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों के संबंध में लेआउट का प्रस्तुतीकरण देखा और लोक निर्माण, वित्त और नियोजन विभाग के अधिकारियों के प्रोजेक्ट की डिजाइन एवं खिलाड़ियों की दी जाने वाली सुविधाओं को अंतिम रूप दिया। उन्होंने बताया कि इस खेल विश्वविद्यालय में सभी तरह के ओलम्पिक खेलों के अतिरिक्त पारम्परिक खेल जैसे मलखम्ब, खो-खो आदि का प्रशिक्षण और अत्याधुनिक टर्फ  मैदान, ओलम्पिक साइज स्वीमिंग पूल और साइकिलिंग ट्रैक की भी सुविधा होगी। यहां विश्वस्तरीय कोचों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव ने बताया विश्वविद्यालय के मुख्य स्टेडियम में 25 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसमें फुटबाल, सिंथेटिक हॉकी ट्रैक के साथ आउटडोर गेम्स के लिए भी इंटरनेशनल स्तर के अलग से मैदान बनाए जाएंगे। इसमें एक मल्टीयूज हॉल और ऑडिटोरियम भी होगा। इसमें पांच हजार लोग एक साथ बैठ सकेंगे। इसमें बनने वाले सभी मैदानों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाएं कराई जा सकेंगी। विश्वविद्यालय में निशानेबाजी, भारोत्तोलन, स्क्वॉश, कैनोइंग, जिम्नास्टिक, तीरंदाजी और कयाकिंग जैसी अन्य खेलों की सुविधाएं भी उपलब्घ होंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स