चाला रेगासा और इरिन चेप्टाई ने जीती दिल्ली हाफ मैराथन

भारतीय खिलाड़ियों में अविनाश साबले रहे सरताज
संजीवनी यादव महिला वर्ग में रहीं सिरमौर
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
दिल्ली हाफ मैराथन 2022 का आयोजन 16 को अक्टूबर को भारत की राजधानी दिल्ली में किया गया और इसमें इथोपिया के चाला रेगासा और कीनिया की इरिन चेप्टाई ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला वर्ग की दौड़ जीत ली। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में मेन्स कैटेगरी में रेगासा ने अपनी दौड़ पूरी करने के लिए 1 घंटे 30 सेकेंड का वक्त लिया जबकि महिला वर्ग में चेप्टाई ने 1:06:42 घंटे के व्यक्तिगत बेस्ट समय के साथ महिलाओं में टॉप पोजीशन हासिल की।
इस इवेंट में कीनिया के फेलिक्स किपकोच और इथियोपिया के बोकी डिरिबा पुरुषों की दौड़ में क्रमश: 1:00:33 और 1:00:34 घंटे का समय लेकर दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। इथोपिया की डाविट सीयूम और युगांडा की स्टेला चेसांग महिलाओं की दौड़ में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने क्रमश: 1:08:02 और 1:08:11 घंटे का समय निकाला। प्रोफेशनल एथलीट्स के अलावा इस मैराथन में आम जनता के साथ-साथ कई सेलिब्रिटीज ने भी हिस्सा लिया। 
भारतीय खिलाड़ियों में स्टीपल चेज के एथलीट अविनाश साबले ने पुरुष वर्ग का खिताब जीता। उन्होंने कार्तिक कुमार और श्रीनु बुगाथा को केवल 0.04 सेकेंड से पीछे छोड़ा। साबले ने 1:04:00 घंटे का समय निकाला। संजीवनी यादव ने 1:17:53 घंटे का समय लेकर भारतीय महिलाओं में पहला स्थान हासिल किया। मोनिका अथारा और प्रीति लांबा 1:18:39 और 1:19:06 घंटे के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। इस मौके पर दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। उनके अलावा पूर्व भारतीय एथलीट अंजू बॉबी जार्ज भी नजर आईं। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स