राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका में सेना शीर्ष पर

मलखम्ब में दमदार प्रदर्शन कर महाराष्ट्र ने हरियाणा को पीछे छोड़ा 
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद।
रूपाली सुनील गंगावणे के नेतृत्व में महाराष्ट्र राष्ट्रीय खेलों की मलखम्ब स्पर्धा में सोमवार को पांच में से तीन स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल पदक तालिका में सेना के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया। इन खेलों में हरियाणा तीसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र के नाम अब 34 स्वर्ण हैं और उसने हरियाणा (32 स्वर्ण) को तीसरे स्थान पर धकेल दिया है। महाराष्ट्र ने 27 रजत और 57 कांस्य पदक भी जीते हैं और उनके पास सबसे अधिक 128 पदक हैं। सेना 53 स्वर्ण, 33 रजत और 29 कांस्य के साथ पहले स्थान पर कायम है। हरियाणा ने भी 100 पदक पूरे कर लिए हैं।
गुजरात के 10 साल के शौर्यजीत खैरे ने पोल मलखम्ब में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाला सबसे युवा खिलाड़ी बन गया है। गुजरात की पूजा पटेल ने कोमल मकवाना के साथ टीम बनाते हुए योगासन में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। मेजबान राज्य ने सॉफ्ट टेनिस में पुरुष और महिला दोनों वर्ग का कांस्य पदक अपने नाम किया। गुजरात अब तक 43 पदक जीत चुका है जिसमें 13 स्वर्ण, 12 रजत और 18 कांस्य पदक शामिल हैं।
महाराष्ट्र की रूपाली ने शानदार प्रदर्शन किया और अपना तीसरा स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने आज महिलाओं की ‘रोप’ प्रतियोगिता (9.25) में सफलता हासिल की है। इससे पहले उन्होंने व्यक्तिगत ऑलराउंड और टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीता था। पोल स्पर्धा में भी उन्होंने कांस्य पदक जीता है। मध्य प्रदेश की सिद्धी गुप्ता ने 9.10 अंक के साथ इस वर्ग का स्वर्ण जीता। अक्षय प्रकाश तरल ने पुरुषों की ऑलराउंड चैम्पियनशिप का खिताब जीता। उन्होंने 8.95 अंक से रोप प्रतियोगिता जीतते हुए दोहरी सफलता हासिल की। 
उत्तर प्रदेश ने पुरुष हॉकी के सेमी फाइनल में महाराष्ट्र को हराकर बड़ा उलटफेर किया। मैच 3-3 की बराबरी पर छूटने के बाद पेनल्टी शूटआउट से विजेता का फैसला हुआ। उत्तर प्रदेश का फाइनल में कर्नाटक से सामना होगा। कर्नाटक ने दूसरे सेमीफाइनल में हरियाणा को 3-1 से हराया। आईआईटी गांधीनगर में सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता भी अंत की ओर है। महाराष्ट्र की पुरुष और पंजाब की महिला टीमों ने फाइनल में जगह बनाई है।
मुक्केबाजी में मौजूदा राष्ट्रीय चैम्पियन सुमित कुंडू, विश्व चैम्पियनशिप की पूर्व पदक विजेता जमुना बोरो और एशियाई चैम्पियन संजीत ने अपने भार वर्गों के सेमीफाइनल में प्रवेश करते हुए पदक पक्का किया। विश्व चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाले सेना के सुमित ने हरियाणा के अंकित खटाना को हराया। सुमित तीनों दौर में दक्षिण एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता के डिफेंस को भेदने में सफल रहे और पुरुषों के 75 किग्रा वर्ग के मुकाबले में सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज की। फाइनल में जगह बनाने के लिए सुमित का सामना अब महाराष्ट्र के निखिल दुबे से होगा। क्वार्टर फाइनल में निखिल ने दिल्ली के बंटी सिंह को 5-0 से मात दी।
संजीत ने 92 किलोग्राम हैवीवेट वर्ग में दिल्ली के हर्ष कौशिक को हराया। महिला वर्ग में असम की जमुना बोरो और अंकुशिता बोरो ने दबदबा बनाते हुए अपने मुकाबले जीते। दिन के शुरुआती मुकाबले में राजस्थान की सपना शर्मा के खिलाफ जमुना ने 57 किग्रा फेदर वेट वर्ग के तीनों दौर में दबदबा बनाया।

रिलेटेड पोस्ट्स