फीफा ने रिलीज की दिल छू लेने वाली सीरीज

सुनील छेत्री को सम्मान, पीएम मोदी ने दी बधाई
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत के महान फुटबॉल खिलाड़ी और कप्तान सुनील छेत्री को फीफा से बड़ा सम्मान मिला है। फुटबॉल की सबसे बड़ी शासी निकाय फीफा ने छेत्री के शानदार करियर पर विशेष डॉक्यूमेंट्री बनाई है। इसका नाम 'कैप्टन फैंटास्टिक' है। इसे बुधवार (28 सितंबर) को रिलीज किया गया है। फीफा विश्व कप के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर डॉक्यूमेंट्री के बारे में जानकारी दी गई।
फीफा ने लिखा, ''आप रोनाल्डो और मेसी के बारे में सब जानते हैं, अब तीसरे सबसे अधिक स्कोर करने वाले सक्रिय पुरुष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की कहानी जानें। कैप्टन फैंटास्टिक अब फीफा+ पर उपलब्ध है।'' फीफा ने डॉक्यूमेंट्री का एक दिल छू लेने वाला पोस्टर शेयर किया है। इसमें सुनील छेत्री को क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी के साथ पोडियम पर खड़ा दिखाया गया है।
छेत्री को उनकी डॉक्यूमेंट्री से सम्मानित करने का फीफा का फैसला अनोखा है क्योंकि भारत ने अभी तक एक बार भी फीफा विश्व कप में हिस्सा नहीं लिया है। कई फुटबॉल एक्सपर्ट के मुताबिक, सुनील छेत्री अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे बेहतरीन फॉरवर्ड में से एक हैं। छेत्री के गोल स्कोरिंग क्षमता ने उन्हें क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी के साथ खड़ा किया है।
फीफा द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंट्री को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनील छेत्री को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट में कहा कि शाबाश सुनील छेत्री! यह निश्चित रूप से भारत में फुटबॉल की लोकप्रियता को बढ़ावा देगा। छेत्री फिलहाल सक्रिय खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो 117 गोल के साथ पहले और अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी 90 गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। छेत्री के 84 गोल हैं।
कहां देख सकेंगे कैप्टन फैंटास्टिक?
कैप्टन फैंटास्टिक फीफा+ पर उपलब्ध है। इसे वेबसाइट या एप पर फ्री में देखा जा सकता है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स