विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में विनेश फोगाट ने रचा इतिहास

दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं
बेलग्रेड।
विनेश फोगाट रेपचेज में स्वीडन की एमा जोना को हराकर बुधवार को विश्व चैम्पियनशिप में दो पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बनीं। 28 वर्षीय विनेश ने इससे पहले कजाखस्तान में 2019 में भी विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था। विनेश स्वर्ण पदक की दावेदार थीं लेकिन मंगलवार को 53 किलोग्राम भारवर्ग में मंगोलिया की पहलवान से एकतरफा मैच में 0-7 से हार गई थीं।
मंगोलियन पहलवान खुलन बटखुयाग ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की जिस कारण विनेश को रेपचेज राउंड में खेलने का मौका मिला। रेपचेज में विनेश ने पहले कजाखस्तान की पहलवान को 4-0 से हराया। अगले दौर में चोट के कारण अजरबेजान की लीला गुरबनोवा उतरी नहीं जिस कारण विनेश ने कांस्य पदक दौर में प्रवेश किया। तीन बार की कामनवेल्थ गेम्स पदक विजेता विनेश ने इसके बाद कांस्य पदक मुकाबले में स्वीडन की एमा को 8-0 से हराकर पदक अपने नाम किया।
क्या है रेपचेज राउंड
रेपचेज राउंड के जरिये शुरुआती दौर में हारने वाले पहलवानों को कांस्य पदक जीतने का एक और मौका मिलता है। आप जिस प्रतिद्वंद्वी से हारते हैं और वह फाइनल में पहुंच जाता है तो विपक्षी पहलवान को रेपचेज खेलने का मौका मिलता है।
विनेश फोगाट की उपलब्धियां
विनेश ने राष्ट्रमंडल खेलों में तीन स्वर्ण जीते हैं। उन्होंने 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती के 48 किलोग्राम भारवर्ग और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में 50 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इसके बाद इस साल भी विनेश ने राष्ट्रमंडल खेलों में 53 किलोग्राम भारवर्ग में भी स्वर्ण जीता था। उन्होंने इस वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले 2019 नूर सुल्तान वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी कांस्य जीता था। विनेश दो बार की एशियन गेम्स पदक विजेता भी रह चुकी हैं। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में स्वर्ण और 2014 इंचियोन एशियन गेम्स में कांस्य जीता था। इसके अलावा एशियन चैंपियनशिप में विनेश सात पदक जीत चुकी हैं। इनमें एक स्वर्ण (2021), तीन रजत (2015, 2017, 2018) और चार कांस्य (2013, 2016, 2019, 2020) जीता है। वह 2013 जोहानिसबर्ग यूथ रेसलिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुकी हैं। 
आज कांस्य के लिए लड़ेंगी निशा
68 किलोग्राम में निशा दहिया कांस्य के लिए खेलेंगी। उन्होंने बुल्गारिया की सोफिया को 11-0 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। लेकिन उन्हें सेमीफाइनल में जापान की एमी इशी से 4-5 से मात मिली। महिलाओं की 57 किलोग्राम स्पर्धा में सरिता मोर ने पहले दौर में विश्व की अंडर-23 चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता कनाडा की हन्ना टेलर को 4-2 से हराया। इसके बाद सरिता पोलैंड की अनहेलिना लिस्क से 0-7 से हार गईं। उनके अलावा मानसी अहलावत को क्वार्टर फाइनल में 59 किलोग्राम में पोलैंड की जोविता मारिया ने 5-3 से मात दी। मानसी रेपचेज दौर में नहीं पहुंच पाईं क्योंकि मारिया सेमीफाइनल में हार गईं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स