स्टील से बने हैं विराट कोहलीः शोएब अख्तर

विराट को स्टील का आदमी तो अनुष्का को आयरन लेडी कहा
नई दिल्ली।
विराट कोहली ने 1020 दिन तक इंतजार करने के बाद अपना 71वां शतक लगा दिया है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 122 रन की पारी खेली। इस शतक को उन्होंने अपनी पत्नी अनुष्का और बेटी वामिका को समर्पित किया था। शतक लगाने के बाद कोहली ने अपने शादी की अंगूठी चूमी थी और शतकों का सूखा खत्म करने का जश्न मनाया था। 
मैच के बाद उन्होंने अपनी वापसी का श्रेय अनुष्का को ही दिया था। विराट ने कहा था कि मुश्किल समय पर अनुष्का हमेशा उनके साथ थीं और चीजों को सही तरीके से उनके सामने रखा। इसी वजह से वह वापसी करने में सफल रहे हैं। विराट नवम्बर 2019 के बाद से कोई शतक नहीं लगा पाए थे। लगभग तीन साल तक इंतजार करने के बाद कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ 61 गेंदों में नाबाद 122 रन बनाए। इसमें 12 चौके और छह छक्के शामिल थे। शतक के बाद विराट ने जिस तरह से अपनी पत्नी की तारीफ की थी और उन्हें शतक का श्रेय दिया था। वह शोएब अख्तर को बहुत पसंद आया और उन्होंने इस जोड़ी की जमकर तारीफ की। 
शोएब अख्तर ने कहा कि विराट कोहली तो स्टील से बने हैं। इसके साथ ही उन्होंने अनुष्का शर्मा को 'आयरन लेडी' करार दिया। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए शोएब ने विराट की बात का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अनुष्का ने उनका सबसे खराब रूप देखा है। इस पर शोएब ने कहा "वो अपनी बेगम के बारे में बात कर रहे थे। अनुष्का शर्मा को सलाम। शानदार, आप एक आयरन लेडी हैं और वह आदमी (विराट कोहली) तो स्टील से बना है।"
इसके बाद शोएब अख्तर ने विराट की तारीफ में कहा "विराट कोहली आपको बधाई। आप शानदार तरीके से दबाव झेलते हैं। लगातार आगे बढ़ते रहिए और आप बहुत अच्छे इंसान हैं। आप हमेशा सच का साथ देते हैं और इसी वजह से अंत में आपके साथ कुछ गलत नहीं होगा। याद रखिएगा। अगले 29 शतक आपको मानसिक रूप से खत्म कर देंगे, लेकिन आप हमेशा क्रिकेट के इतिहास में सबसे महान खिलाड़ी के रूप में याद किए जाएंगे।" विराट फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। कोहली और रिकी पोंटिंग के नाम 71 शतक हैं वहीं, सचिन तेंदुलकर ने 100 शतक लगाए हैं। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स