आईओसी ने भारतीय ओलम्पिक संघ को फिर चेताया

सारी शक्तियां महासचिव राजीव मेहता को सौंपीं 
मुंबई में होने वाला आईओसी सत्र चार महीने आगे बढ़ाया
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ने एक बार फिर भारतीय ओलम्पिक संघ की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए चुनाव दिसम्बर तक हर हाल में कराने के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं आईओसी ने सारी शक्तियां महासचिव राजीव मेहता को सौंप दी हैं। आईओसी ने भारत को निलम्बित करने की अंतिम चेतावनी दी है। अब भारतीय ओलम्पिक संघ के पास चुनाव कराने के लिए दिसम्बर तक का समय है। मुंबई में होने वाला आईओसी सत्र भी चार महीने के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। 
अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) को निलम्बित करने की अंतिम चेतावनी जारी कर दी। आईओसी की कार्यकारी बोर्ड की बृहस्पतिवार को लुसाने में हुई बैठक में फैसला लिया गया कि अगर आईओए ने इस वर्ष दिसम्बर तक अपने विवादों को नहीं सुलझाया और नए सिरे से चुनाव नहीं कराए तो उसे हर हाल में निलम्बित कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में भारतीय एथलीट ओलम्पिक समेत किसी भी अंतरराष्ट्रीय आयोजन में तिरंगे के तले नहीं खेल पाएंगे। यही नहीं आईओसी ने अगले वर्ष मुंबई में होने वाले आईओसी सत्र को भारत से छीनने की भी धमकी दे दी है। उसने अगले वर्ष मई में होने वाले इस सत्र को चार के लिए आगे बढ़ा दिया है। 
अंतरिम अध्यक्ष मानने से इंकार, महासचिव को दीं शक्तियां 
यही नहीं आईओसी ने आईओए के अंतरिम अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष को मानने से इंकार करते हुए सारी शक्तियां महासचिव राजीव मेहता को सौंप दी हैं। इस वक्त अनिल खन्ना आईओए के कार्यवाहक अध्यक्ष हैं। आईओसी के निदेशक जेम्स मैक्लियोड की ओर से राजीव मेहता को लिखे गए पत्र में कहा गया कि आईओए के मामलों की बोर्ड बैठक में की समीक्षा के आधार पर फैसला लिया गया है कि अगर आईओए ने दिसम्बर में होने वाली आईओसी की अगली बोर्ड बैठक तक ओलम्पिक चार्टर के अनुसार चुनाव नहीं कराए तो उसे हर हाल में निलम्बित किया जाएगा। 
इतना ही नहीं उसकी आईओसी से आर्थिक मदद भी रोक दी जाएगी। आईओसी ने आईओए के चुनाव कराने और अन्य मुद्दों को सुलझाने के लिए अगले माह लुसाने में सभी पक्षों के साथ बैठक करने को कहा है। इस संबंध में आईओसी ने 27 सितम्बर को लुसाने में ही आईओए के साथ संयुक्त बैठक रखी है। आईओसी इससे पहले आईओए को 2012-13 में भी प्रतिबंधित कर चुका है।

रिलेटेड पोस्ट्स