पहलवान दीपक पूनिया को हाथ में लगी चोट

विश्व चैम्पियनशिप से पहले भारत को झटका
दीपक की जगह संजीत विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में करेंगे शिरकत
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
भारत को विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप से ठीक पहले एक बड़ा झटका लगा है। भारत के स्टार पहलवान दीपक पूनिया टूर्नामेंट से पहले चोटिल हो गए हैं। सर्बिया के बेलग्रेड में होने वाली विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप से ठीक पहले अमेरिका में अभ्यास कर रहे कामनवेल्थ गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता फ्रीस्टाइल पहलवान दीपक पूनिया चोटिल हो गए हैं। उनके हाथ में चोट लगी। इसके बाद भारतीय कुश्ती संघ ने गुरुवार को साई सोनीपत में 86 किलो भारवर्ग में ट्रायल कराया गया। इसमें पहलवान संजीत का चयन किया गया है। 
अब दीपक की जगह संजीत विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में भाग लेंगे। चैम्पियनशिप का आयोजन 10 से 18 सितम्बर तक होगा। ग्रीको रोमन के पहलवान बुधवार रात 12 बजे चीफ कोच हरगोविंद सिंह की अगुआई में बेलग्रेड रवाना हुए। महिला पहलवानों का दल 10 और फ्रीस्टाइल के पहलवान 13 सितम्बर को रवाना होंगे।
ग्रीको रोमन के चीफ कोच हरगोविंद सिंह ने बताया कि ट्रायल में चुने गए 10 पहलवानों के साथ वे बुधवार रात 12 बजे बेलग्रेड के लिए रवाना हो गए। दल में ग्रीको रोमन के 55 किलो भारवर्ग में अर्जुन हलकुर्की, 60 किलो में ज्ञानेंद्र दहिया, 63 किलो में नीरज, 67 में आशु, 72 किलो में विकास, 77 किलो में सचिन, 82 किलो में हरप्रीत सिंह, 87 किलो में सुनील मलिक, 97 किलो में दीपांशु और 130 किलो में सतीश शामिल हैं। दीपक और बजरंग पूनिया अमेरिका के मिशिगन में एक माह से अभ्यास कर रहे हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स