आज भारत का लाल पहनेगा 'डायमंड लीग चैम्पियन' का ताज

एक और इतिहास रचने उतरेंगे नीरज चोपड़ा
याकुब वाडलेज होंगे प्रमुख चुनौती
ज्यूरिख।
ओलम्पिक चैम्पियन भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा की नजरें एक बार फिर इतिहास रचने पर हैं और वह गुरुवार को प्रतिष्ठित डाइमंड लीग फाइनल्स में खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेंगे। चोपड़ा ने चोट के कारण एक महीने तक बाहर रहने के बाद जोरदार वापसी करते हुए डायमंड लीग सीरीज का लुसाने चरण जीतकर यहां दो दिवसीय फाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया। वह लुसाने में डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।
जुलाई में संयुक्त राज्य अमेरिका में विश्व चैम्पियनशिप में रजत जीतने के दौरान उनको मामूली चोट लगी थी जिसके कारण वह बर्मिंघम कामनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाए थे। 24 वर्षीय भारतीय सुपरस्टार ने वापसी के तुरंत बाद फार्म हासिल करते हुए 26 जुलाई को लुसाने में अपने पहले ही प्रयास में भाले को 89.08 मीटर तक फेंककर खिताब अपने नाम किया था।
उन पर चोट का कोई असर नहीं दिख रहा था और उन्होंने अपने करियर का तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। हरियाणा में पानीपत के पास खंडरा गांव के इस युवा खिलाड़ी की नजरें अब अपने पहले डायमंड लीग फाइनल्स खिताब पर होंगी। उन्होंने 2017 और 2018 में भी फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था और क्रमश: सातवें और चौथे स्थान पर रहे। फाइनल के विजेता को 'डायमंड लीग चैम्पियन' का ताज पहनाया जाता है।
यहां छह सदस्यीय फाइनल्स में विश्व चैम्पियन ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स नहीं होंगे जो पिछले महीने अपने देश में एक नाव में हुए हमले के बाद चोटों से उबर रहे हैं। चोपड़ा के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी चेक गणराज्य के ओलम्पिक रजत पदक विजेता याकुब वाडलेज होंगे जिन्हें भारतीय खिलाड़ी ने लुसाने में भी पछाड़ा था। इस सत्र में 90 मीटर से अधिक थ्रो करने वाले वाडलेज ने लुसाने में 85.88 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
उन्होंने ज्यूरिख फाइनल्स में सर्वाधिक 27 अंक के साथ जगह बनाई जबकि चोपड़ा ने 15 अंकों के साथ चौथे स्थान पर क्वालीफाई किया। डायमंड लीग तालिका में शीर्ष छह खिलाडि़यों ने ज्यूरिख फाइनल्स में क्वालीफाई किया। पिछले साल अगस्त में टोक्यो ओ¨लपिक खेलों में स्वर्ण जीतने के बाद से चोपड़ा ने इस सत्र में चार बार 31 वर्षीय वाडलेज के खिलाफ प्रतिस्पर्धा की है और भारतीय खिलाड़ी ने हर बार चेक गणराज्य के खिलाड़ी को पछाड़ा है।
जब चोपड़ा पावो नुर्मी खेलों (14 जून) और स्टाकहोम डाइमंड लीग (30 जून) में दूसरे स्थान पर रहे तो वाडलेज ने क्रमश: छठा और चौथा स्थान हासिल किया। चोपड़ा ने यूजीन में विश्व चैम्पियनशिप में रजत जीता जबकि वाडलेज ने कांस्य पदक जीता। वाडलेज चोपड़ा से अधिक अनुभवी हैं और दो बार (2016 और 2017) डायमंड लीग फाइनल विजेता रह चुके हैं। उनके नाम विश्व चैम्पियनशिप में दो पदक, एक रजत (2017) और एक कांस्य (2022) है। वह टोक्यो ओलम्पिक में भी रजत पदक जीत चुके हैं। उनका सत्र और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.88 मीटर है जो उन्होंने मई में डायमंड लीग के दोहा चरण में रजत पदक जीतने के दौरान किया था।

 

रिलेटेड पोस्ट्स