टीम इंडिया पर लंका ने बजाया डंका

एशिया कप से लगभग बाहर हुई 
श्रीलंका ने 6 विकेट से हराया
राहुल, विराट और भुवनेश्वर ने डुबोई लुटिया
दुबई।
टीम इंडिया एशिया कप के फाइनल में पहुंचने की होड़ से लगभग बाहर हो गई है। श्रीलंका ने मंगलवार को खेले गए सुपर-4 के मुकाबले में भारत को 6 विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 173 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 72 रनों की पारी खेली। जवाब में श्रीलंका ने 19.5 ओवर में चार विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका और कुसल मेंडिस ने पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी निभाई। दोनों ने 11 ओवर में ही 97 रन जोड़ दिए। निसांका 37 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। एक वक्त श्रीलंका का स्कोर 110 रन पर चार विकेट हो गया था। ऐसा लगा भारतीय टीम मैच जीत जाएगी, लेकिन भानुका राजपक्षे और कप्तान दासुन शनाका ने मिलकर श्रीलंका को जीत दिला दी। भानुका ने 17 गेंदों में 25 रन और शनाका ने 18 गेंदों में 33 रन की नाबाद पारी खेली।
आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 7 रनों की जरूरत थी। अर्शदीप ने पहली चार गेंदों पर 5 रन ही दिए थे। पांचवीं गेंद पर बल्लेबाज शॉट नहीं खेल सका। विकेटकीपर ऋषभ पंत के पास रन आउट का मौका था लेकिन उनका थ्रो विकेट पर नहीं लगा। इसके बाद नॉन स्ट्राइकर एंड पर भी थ्रो नहीं लगा। इतने में श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने दो रन ले लिए और मैच जीत लिया। भारतीय टीम कागज पर अब भी फाइनल की होड़ में बरकरार है। लेकिन, इसके लिए कई चमत्कारों का एक साथ होना जरूरी है।
रोहित की कप्तानी पारी
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला श्रीलंका के खिलाफ खूब बोला। उन्होंने 41 गेंद पर 72 रन की धमाकेदार पारी खेली। भारत को 2 झटके जल्दी लग गए थे, विराट और केएल राहुल कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। इसके बाद रोहित ने 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 72 रन की पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 175.60 का रहा। रोहित के अलावा सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंद में 34 रन बनाए। दोनों के बीच 58 गेंद में 97 रन की साझेदारी हुई। हार्दिक पंड्या और दीपक हुड्डा मैच में फ्लॉप रहे। हार्दिक 13 और हुड्डा सिर्फ 3 रन बना पाए। पिछले मैच में खराब शॉट खेलकर आउट हुए ऋषभ पंत श्रीलंका के खिलाफ भी कुछ खास नहीं कर पाए और 13 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो गए।
केएल राहुल एशिया कप में एक बार फिर फ्लॉप रहे। उन्होंने 7 बॉल का सामना किया और सिर्फ 6 रन बना पाए। उनका विकेट महेश तीक्ष्णा ने लिया। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर राहुल आगे बढ़ के बड़ा खेलना चाहते थे, लेकिन बॉल जाकर उनके जूत्ते पर लगी। श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की और अंपायर ने उन्हें LBW आउट दे दिया। एशिया कप के 4 मैचों में राहुल के बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला है। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ने वाले विराट कोहली अपना खाता भी नहीं खोल पाए। युवा तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका की अंदर आती हुई गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। तीसरे ओवर की चौथी गेंद विराट के लिए खतरनाक साबित हुई। विराट जैसे ही आउट हुए रोहित भी निराश हो गए। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार को एक भी विकेट नहीं मिला। उन्होंने 4 ओवर में 30 रन भी खर्च कर दिए। जब भारत को उनके अनुभव की सबसे ज्यादा जरूरत थी, उनकी गेंदबाजी में धार ही नजर नहीं आई।
ये शर्तें पूरी होंगी तभी भारत फाइनल में पहुंच सकता है
- भारत अपने आखिरी सुपर-4 मैच में अफगानिस्तान को हराए। श्रीलंका की टीम पाकिस्तान को हराए। अफगानिस्तान की टीम भी पाकिस्तान को हराए। ये सब होने के बाद श्रीलंका 6 पॉइंट्स के साथ नंबर-1 पर रहेगी। भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के दो-दो पॉइंट्स होंगे। इन तीनों टीमों में भारत का नेट रन रेट सबसे अच्छा होना जरूरी।

रिलेटेड पोस्ट्स