सूर्या के तेज से झुलसी हांगकांग टीम

एक ही ओवर में जड़े चार छक्के
विराट कोहली भी हुए नतमस्तक
दुबई।
एशिया कप 2022 में बुधवार को हांगकांग के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम इंडिया को 40 रन से विजयश्री दिला दी। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी उनकी इस पारी के कायल हो गए। उन्होंने पारी समाप्त होने के बाद सिर झुकाकर सलाम किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा और केएल राहुल ने अच्छी शुरुआत दी। रोहित ने 13 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 21 रन बनाए वहीं राहुल ने 39 गेंदों पर 2 छक्के की मदद से 36 रन बनाए।
वहीं सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंदों पर 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। विराट कोहली ने 44 गेंदों पर 1 चौके और 3 छक्के लगाए।राहुल के तौर पर टीम इंडिया का दूसरा विकेट गिरा। तब टीम इंडिया का स्कोर 13 ओवर में 2 विकेट 94 रन पर था। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार को भेजा गया। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उनसे पहले रविंद्र जड़ेजा को भेजा गया था। वह पांचवें नम्बर पर बल्लेबाजी करने आए थे और 18 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए थे।
हांगकांग के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार यादव ने निराश नहीं किया। उन्होंने 261.54 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। आखिरी ओवर में हारून अरशद को चार छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने लगातार तीन छक्के जड़े। चौथी गेंद पर वह चूक गए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर भी छक्का लगाया। आखिरी गेंद पर उन्होंने 2 रन लिए। सूर्यकुमार ने विराट कोहली के साथ सात ओवरों में 98 रनों की साझेदारी की। विराट भी सूर्यकुमार की पारी से प्रभावित हुए और पारी समाप्त होने के बाद उन्होंने दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को सिर झुकाकर सलाम किया। लम्बे ब्रेक के बाद एशिया कप से मैदान पर वापसी कर रहे विराट कोहली भी अच्छे टच में दिखे। उन्होंने 134.09 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी विराट ने अच्छी बल्लेबाजी की थी। उन्होंने उस मैच में 34 गेंदों 35 रनों की पारी खेली थी। हार्दिक पांड्या के बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स