नीरज चोपड़ा का जापान से अमेरिका तक कमाल

भारत को एथलेटिक्स में दी पहचान
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्णिम सफलता दिलाने के बाद जेवलिन थ्रोवर नीरज चोपड़ा अपने दमदार प्रदर्शन से यह साबित कर रहे हैं कि ओलम्पिक में जीता गया पदक कोई तुक्का नहीं था। सच कहें तो एथलेटिक्स में 24 साल के नीरज ने जो ख्याति दिलाई है, वैसा कोई दूसरा एथलीट नहीं दिला सका। नीरज ने भारत को चार ऐसे मेडल दिलाए हैं, जो उनसे पहले कोई दूसरा एथलीट नहीं दिला पाया था। 
नीरज चोपड़ा डायमंड लीग का लुसाने चरण जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। यह चौथा मौका था, जब नीरज की वजह से भारत को कोई पदक पहली बार मिला है। चोट के बाद दमदार वापसी करते हुए नीरज ने पहले ही प्रयास में 89.08 मीटर दूर भाला फेंककर खिताब पर कब्जा जमाया। 24 साल के नीरज को वर्ल्ड चैम्पियनशिप के दौरान चोट लग गई थी, जिसके चलते वह बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भाग नहीं ले पाए थे। इसके बाद डायमंड लीग जीतकर उन्होंने अपनी दमदार वापसी का एलान किया। छोटी उम्र में ही नीरज ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर ली हैं। भारत के लिए सबसे दूर भाला फेंकने का रिकॉर्ड भी नीरज के नाम है। उन्होंने स्कॉटहोम में 89.94 मीटर दूर भाला फेंका था।
ओलम्पिक में ट्रैक एण्ड फील्ड में पहला स्वर्ण पदक दिलाया 
नीरज ने पिछले साल टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीता था। 120 साल के इतिहास में नीरज भारत के लिए ट्रैक एण्ड फील्ड में गोल्ड मेडल लाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे। अभिनव बिंद्रा के बाद वो दूसरे भारतीय हैं, जिन्होंने एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। नीरज जेवलिन थ्रो में देश को ओलम्पिक में पदक दिलाने वाले पहले खिलाड़ी हैं।  
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता
नीरज चोपड़ा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने जुलाई 2022 में अमेरिका के यूजीन में 88.13 मीटर दूर भाला फेंककर यह पदक जीता था। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 90.46 मीटर भाला फेंक स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। नीरज वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2003 में लम्बीकूद में कांस्य पदक जीता था। नीरज पहले भारतीय हैं, जिन्होंने जेवलिन थ्रो में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पदक जीता है। 
आईआईएएफ विश्व अंडर-20 चैम्पियनशिप जीती
नीरज पहले भारतीय एथलीट हैं, जिन्होंने आईआईएएफ विश्व अंडर-20 चैम्पियनशिप में ट्रैक एण्ड फील्ड में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता। 2016 में उन्होंने 86.48 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इसके साथ ही उन्होंने विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था और विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स