अश्विनी-सिक्की और तनीषा-ईशान जीते

विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप प्रणीत हारे
टोक्यो।
बीसाई प्रणीत विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप के पहले दिन सोमवार को यहां तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में हार गए, जबकि भारतीय खिलाड़ियों ने महिला युगल और मिश्रित युगल में जीत दर्ज की। 
विश्व चैम्पियनशिप में 2019 के कांस्य पदक विजेता प्रणीत ने चीनी ताइपे के विश्व में नंबर चार खिलाड़ी चो टिएन चेन को कड़ी टक्कर दी लेकिन आखिर में उन्हें 15-21, 21-15, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। प्रणीत ने टोक्यो में लगातार दूसरे साल निराशाजनक प्रदर्शन किया। वह पिछले साल ओलम्पिक खेलों के दौरान भी शुरू में बाहर हो गए थे।
इस बीच राष्ट्रमंडल खेलों की पूर्व कांस्य पदक विजेता अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी ने मालदीव की अमीनाथ नबीहा अब्दुल रज्जाक और फातिमथ नबाहा अब्दुल रज्जाक को 21-7, 21-9 से हराकर महिला युगल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। मिश्रित युगल में तनीषा क्रास्टो और ईशान भटनागर की जोड़ी ने जर्मनी के पैट्रिक स्कील और फ्रांज़िस्का वोल्कमैन को 29 मिनट में 21-13, 21-13 से हराकर अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की। 

रिलेटेड पोस्ट्स