भारतीय पहलवानों ने बुल्गारिया में फहराया परचम

अंडर-20 जूनियर विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में जीते रिकॉर्ड 16 पदक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दी शाबासी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय पहलवानों ने बुल्गारिया में हुई अंडर-20 जूनियर विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। भारत को टूर्नामेंट में 16 पदक मिले। ग्रीको रोमन पहलवानों रोहित दहिया और सुमित ने अंतिम दिन कांस्य पदक जीते। टूर्नामेंट में भारत का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उसने एक स्वर्ण, चार रजत और 11 पदक अपने नाम किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर बधाई दी है।
उन्होंने ट्वीट में लिखा, ''हमारे पहलवानों ने हमें फिर से गौरवान्वित किया। अंडर 20 विश्व चैम्पियनशिप में 16 पदक (पुरुष और महिला फ्रीस्टाइल में 7 प्रत्येक और ग्रीको-रोमन में 2) जीतने पर हमारी टीम को बधाई। यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यह भी दर्शाता है कि भारतीय कुश्ती का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।''
रोहित दहिया को पुरुषों के 82 किलोग्राम ग्रीको रोमन कांस्य पदक मैच में यूक्रेन के रुस्लान अब्दीएव को 8-7 से हराने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। दूसरी ओर, सुमित ने 60 किलोग्राम डिवीजन में तुर्की के मर्ट इलबार्स पर 6-3 से जीत के साथ आसान अंत किया। भारत को मिले 16 पदकों में से सात पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग में आए जबकि महिलाओं ने स्वर्ण सहित इतने ही पदक जीते। ग्रीको रोमन पहलवानों रोहित दहिया और सुमित ने दो कांस्य पदक जोड़े।
भारत के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ी: पुरुषों की फ्रीस्टाइल- महेंद्र गायकवाड़ (125 किग्रा में रजत), अभिषेक ढाका (57 किग्रा में कांस्य), मोहित कुमार (61 किग्रा में कांस्य), सुजीत कलकल (65 किग्रा में कांस्य), मुलायम यादव (70 किग्रा में कांस्य), सागर जागलान (74 किग्रा में कांस्य), नीरज भारद्वाज (97 किग्रा में कांस्य).
महिलाओं की फ्रीस्टाइलः अंतिम पंघाल (53 किग्रा में स्वर्ण), सोनम मलिक (62 किग्रा में रजत), प्रियंका (65 किग्रा में रजत), प्रिया मलिक (76 किग्रा में रजत), प्रियांशी प्रजापति (50 किग्रा में कांस्य), सीतो (57 किग्रा में कांस्य), रीतिका (72 किग्रा में कांस्य).
ग्रीको रोमनः सुमित (60 किग्रा में कांस्य), रोहित दहिया (82 किग्रा में कांस्य).

रिलेटेड पोस्ट्स