धोनी, कोहली और सचिन को पीछे छोड़ सकते हैं धवन

जिम्बाब्वे में राहुल के निशाने पर होगा यह रिकॉर्ड
हरारे।
भारतीय टीम तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए जिम्बाब्वे के दौरे पर है। दोनों टीमें गुरुवार (18 अगस्त) को पहला वनडे मैच हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेलेगी। इस सीरीज में टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन और कप्तान केएल राहुल सहित कई खिलाड़ियों की नजर रिकॉर्ड बनाने पर है। धवन के पास सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ने का मौका है।
सीरीज के तीनों मैच हरारे में ही खेले जाएंगे। इस मैदान पर धवन अब तक तीन पारियों में 168 रन बना चुके हैं। 116 रन उनका उच्चतम स्कोर है। उन्होंने 56 के औसत से रन बनाए हैं। धवन के पास हरारे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का मौका है। इसके लिए उन्हें तीन वनडे में कुल 202 रन बनाने होंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड अंबाती रायुडू के नाम है। उन्होंने सात पारियों में 369 रन बनाए हैं। रायुडू का औसत 123 का रहा है। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं।
सिर्फ धवन के पास ही रायुडू को पीछे छोड़ने का मौका नहीं होगा। उनसे आगे केएल राहुल हैं। राहुल ने तीन पारियों में 196 रन बनाए हैं। उन्हें रायुडू से आगे निकलने के लिए 174 रन बनाने होंगे। इस सीरीज में भारत के दोनों ओपनर राहुल और धवन में यह दिलचस्प मुकाबला कि कौन हरारे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज बनता है। 
भारत-जिम्बाब्वे सीरीज के दौरान ये उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं खिलाड़ी:
केएल राहुल सीरीज में सात कैच लेते ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 कैच पूरे कर लेंगे।
शिखर धवन 433 रन बनाते हैं तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके 11 हजार रन पूरे हो जाएंगे।
केएल राहुल अगर 366 रन बनाते हैं तो वनडे में उनके दो हजार रन पूरे हो जाएंगे।
जिम्बाब्वे के रयान बर्ल अगर पांच विकेट लेते हैं तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके 50 विकेट हो जाएंगे।
सिकंदर रजा को छह हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के लिए 290 रन चाहिए।

 

रिलेटेड पोस्ट्स