ट्रैक एण्ड फील्ड में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन

दिल्ली से आगे तो नहीं निकले लेकिन उम्मीदें जगाईं
उत्तर प्रदेश की दो बेटियों ने बढ़ाया देश का मान
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने ट्रैक एण्ड फील्ड स्पर्धा में पहली बार विदेशी धरती पर एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य सहित कुल आठ पदक जीते। इन खेलों में भारत ने अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन 2010 दिल्ली में किया था। उस समय दो स्वर्ण, तीन रजत और सात कांस्य सहित कुल 12 पदक जीते थे। बर्मिंघम में उत्तर प्रदेश की दो बेटियों प्रियंका गोस्वामी और अन्नू रानी ने भी मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
बर्मिंघम में भारतीय एथलीट भले ही दिल्ली के प्रदर्शन से आगे न निकल पाए हों लेकिन वे बड़ी उम्मीद बनकर उभरे हैं। ओलम्पिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा की गैरमौजूदगी में भारत ने ट्रैक एण्ड फील्ड में कई रिकॉर्ड बनाए। तिहरी कूद में एल्डोस पॉल ने स्वर्ण और अब्दुल्ला अबूकर ने रजत पदक जीता। मुरली श्रीशंकर ने लम्बीकूद में रजत, तेजस्विन शंकर ने ऊंची कूद में कांस्य, प्रियंका गोस्वामी में 10 किलोमीटर पैदल चाल में रजत, अविनाश साबले ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत, अन्नू रानी ने महिला जेवलिन थ्रो में कांस्य जीता। ये वो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने भारत के लिए न केवल रिकॉर्ड बनाकर पदक जीते बल्कि ट्रैक एंड फील्ड खेल को नई ऊर्जा दी है। 
विदेश में पहली बार आठ पदक, इससे पहले जीते थे तीन
राष्ट्रमंडल खेलोें में इससे पहले भारत तीन पदक से ज्यादा कभी नहीं जीत पाया था। इस बार उसने आठ पदक जीते हैं। 2006 मेलबर्न में दो रजत और एक कांस्य जीता। इसके अलावा 2014 ग्लास्गो और 2018 गोल्ड कोस्ट में दोनों बार एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य जीता था। इस बार एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक जीते हैं।
तीन राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एण्ड फील्ड में भारत का प्रदर्शनः 2014 में एक स्वर्ण, एक रजत तथा एक कांस्य पदक (03)। 2018 में एक स्वर्ण, एक रजत तथा एक कांस्य (03)। 2022 में एक स्वर्ण, चार रजत, तीन कांस्य (08).

रिलेटेड पोस्ट्स