ओलम्पिक मेडलिस्ट लवलीना की हार ने चौंकाया

निकहत जरीन और नीतू ने किए पदक पक्के
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
राष्ट्रमंडल खेलों में हर भारतीय खेलप्रेमी को ओलम्पिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन से मेडल की उम्मीद थी लेकिन क्वार्टर फाइनल में उनके पंच दगा दे गए और वह पदक से वंचित रह गईं। बर्मिंघम पहुंचते ही लवलीना विवादों में आ गई थीं, उनकी प्रशिक्षक संध्या गुरुंग को खेलगांव में प्रवेश से वंचित किए जाने पर विवाद उठा था लेकिन केन्द्रीय खेल मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ गया था।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ओलम्पिक मेडलिस्ट बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन और 2019 एशियन चैम्पियनशिप के सिल्वर मेडलिस्ट बॉक्सर आशीष कुमार की हार ने सभी को चौंका दिया है लेकिन यही खेल का हिस्सा है। भारत की बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन 66 से 70 किलोग्राम भारवर्ग (लाइट मिडल वेट) के क्वार्टर फाइनल में हारकर राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर हो गई हैं। उन्हें वेल्स की रोजी एकल्स ने 3-2 से हरा दिया। इस तरह लवलीना का सफर समाप्त हो गया। टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य जीतने वाली लवलीना 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में भी कोई पदक नहीं जीत पाई थीं वहीं, बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत से पहले लवलीना ने प्रैक्टिस नहीं कर पाने का आरोप लगाया था। जिस पर खूब बवाल भी हुआ था। यह विवाद कोच को लेकर हुआ था।
लवलीना ने आरोप लगाए थे कि उनकी कोच को खेलगांव में नहीं घुसने दिया जा रहा। उन्होंने कहा था कि आठ दिन पहले उनकी प्रैक्टिस बाधित हो रही है। इसके बाद आईओए ने कॉमनवेल्थ गेम्स मैनेजमेंट से बात कर उनकी कोच संध्या गुरुंग को खेलगांव में एंट्री दिलवाई थी। अब लवलीना की इस हार ने सबको चौंका दिया है। इसी तरह बॉक्सिंग में भारत के पदक की उम्मीदों को आशीष कुमार से भी झटका लगा है। 75 से 80 किलोग्राम भारवर्ग (लाइट हैवीवेट) में आशीष कुमार को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें एरॉन बोवेन ने 4-1 से हरा दिया। इस तरह आशीष क्वार्टर फाइनल से ही बाहर हो गए। हालांकि, मुकाबला कांटे का हुआ और आशीष ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। आखिर में रेफरी के फैसले ने सभी फैन्स को चौंका दिया। 
विश्व चैम्पियन बॉक्सर निकहत जरीन और नीतू ने जहां राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए एक पदक पक्के कर लिए। निकहत ने वेल्स की हेलेन जोन्स को हराया। उन्होंने यह मुकाबला 5-0 से अपने नाम किया। सेमीफाइनल में निकहत का सामना छह अगस्त को इंग्लैंड की सवानाह अलफिया स्टबली से होगा। महिला बॉक्सिंग के 45-48 किलोग्राम भारवर्ग में नीतू सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मैच में उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लॉयड को हराया। अब वह छह अगस्त को सेमीफाइनल में कनाडा की प्रियंका ढिल्लन से भिड़ेंगी। इसी तरह बॉक्सिंग में 57 किलो भारवर्ग में भारत के मोहम्मद हुसामुद्दीन सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में नामीबिया के ट्राईअगेन मॉर्निंग डेवेलो को स्प्लिट डिसीजन में 4-1 से हरा दिया। हुसामुद्दीन ने राउंड ऑफ 16 में बांग्लादेश के मोहम्मर सलीम हुसैन को 5-0 से शिकस्त दी थी। क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ हुसामुद्दीन ने कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स