पांचवीं बार सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम

कनाडा को 3-2 से हराकर पदक की उम्मीद जगाई
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। उसने अपने चौथे ग्रुप मैच में कनाडा को 3-2 से हराया। इस हार के बाद कनाडा की टीम का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया है। भारतीय टीम पांचवीं बार राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में पहुंची है। उसने पिछली बार 2018 (गोल्ड कोस्ट) में भी अंतिम-4 में जगह बनाई थी, लेकिन तब कांस्य पदक से चूक गई थी। भारत के लिए इस मैच में सलिमा टेटे, नवनीत कौर और लालरेम्सियामी ने गोल दागे वहीं, कनाडा के लिए ब्रिएन स्टेयर्स और हन्ना ह्यून ने गोल किया।
गोलकीपर सविता पूनिया की कप्तानी वाली भारतीय टीम ग्रुप में चार में से तीन मैच जीतने में सफल रही है। उसने घाना को 5-0 से और वेल्स को 3-1 से हराया था वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ हार मिली थी। सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम का मुकाबला पांच अगस्त को ऑस्ट्रेलिया से होगा। भारतीय टीम चार मैच में तीन जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही। उसके नौ अंक हैं। इंग्लैंड के भी नौ अंक हैं, लेकिन वह बेहतर गोल अंतर से पहले स्थान पर काबिज है। इसके अलावा उसे एक मैच वेल्स के साथ भी खेलना है। दूसरी ओर, ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया 12 अंकों के साथ शीर्ष पर है। दूसरे स्थान पर काबिज न्यूजीलैंड के सिर्फ छह अंक है। वह एक मैच जीतता भी है तो उसके नौ अंक ही हो पाएंगे। ग्रुप बी में पहले स्थान पर रहने वाली टीम ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से सेमीफाइनल में खेलेगी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला भारत से होगा।
चार क्वार्टर में भारत का प्रदर्शन
पहला क्वार्टरः वंदना कटारिया ने पहले ही मिनट में गोल के लिए शॉट लगाया, लेकिन विपक्षी टीम की गोलकीपर ने उसे रोक लिया। भारत की सलिमा टेटे ने टीम के लिए पहला गोल किया। भारत को तीसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर टीम को पहला गोल मिला। दूसरा क्वार्टर: नवनीत कौर ने 22वें मिनट में गोल कर भारत को मैच में 2-0 से आगे कर दिया। हालांकि, भारत की बढ़त अगले ही मिनट में घट गई। कनाडा के लिए 23वें मिनट में ब्रिएन स्टेयर्स ने गोल कर स्कोर को 2-1 कर दिया।
तीसरा क्वार्टर: कनाडा ने तीसरे क्वार्टर के शुरुआत में बराबरी कर ली। उसके लिए हन्ना ह्यून ने 39वें मिनट में दूसरा गोल किया। चौथा क्वार्टर: वंदना कटारिया  ने 47वें मिनट में गोल के लिए शॉट लगाया, लेकिन विपक्षी टीम की गोलकीपर ने रोक दिया। इसके बाद 49वें मिनट में भारत के एक गोल को खारिज किया गया। भारतीय टीम ने चौथे क्वार्टर में लगातार आक्रमण किया। इसका फायदा उसे 51वें मिनट में मिला। लालरेम्सियामी ने टीम के लिए तीसरा गोल किया।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शनः 1998 चौथा स्थान, 2002 पहला स्थान, 2006 दूसरा स्थान, 2010 पांचवां स्थान, 2014 पांचवां स्थान, 2018 चौथा स्थान।
रिलेटेड पोस्ट्स