भारतीय भारोत्तोलकों का बर्मिंघम में धमाल

तीन स्वर्ण सहित जीते छह पदक
जेरेमी लालरिननुंगा ने दो नये रिकॉर्ड के साथ जीता सोना
बर्मिंघम।
भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में अब तक तीन स्वर्ण सहित छह पदक अपने नाम कर लिए हैं। रविवार को युवा भारोत्तोलक जेरेमी लालरिननुंगा ने दो नये रिकॉर्ड के साथ भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता वहीं 20 साल के अचिंता शेउली ने राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता।
युवा ओलम्पिक 2018 चैम्पियन जेरेमी ने पुरुष 67 किग्रा वर्ग में दबदबा बनाते हुए कुल 300 किग्रा (140 किलोग्राम और 160 किलोग्राम) वजन उठाया। उन्होंने समोआ के वेइपावा नीवो इयोन 293 किग्रा (127 किग्रा और 166 किग्रा) और नाइजीरिया के इडिडियोंग जोसेफ उमोआफिया 290 किग्रा (130 किग्रा और 160 किग्रा) को पछाड़ा जिन्हें क्रमश: रजत और कांस्य पदक मिला। आइजोल के 19 साल के जेरेमी ने खेलों का स्नैच (140 किग्रा) और कुल भार (300 किग्रा) का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस दौरान वह चोटिल होने से भी बचे क्योंकि क्लीन एवं जर्क के प्रयास के दौरान दो बार वह काफी दर्द में दिखे। 
जेरेमी ने स्नैच में अपने दूसरे प्रयास में 140 किग्रा वजन उठाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी इडिडियोंग पर 10 किग्रा की बड़ी बढ़त बनाई। उन्होंने 136 किग्रा के प्रयास के साथ शुरुआत की थी। जेरेमी ने अंतिम प्रयास में 143 किग्रा वजन उठाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। भारत का भारोत्तोलन में यह पांचवां पदक है। शनिवार देर रात हुए मुकाबले में महिलाओं के 55 किलो भार वर्ग में बिंदियारानी ने भारत को रजत पदक दिलाया। इससे पहले मीराबाई चानू (स्वर्ण), संकेत सरगर (रजत) और गुरुराज पुजारी (कांस्य) ने भी शनिवार को पदक जीते।

रिलेटेड पोस्ट्स