राष्ट्रमंडल खेलों में डॉक्टरविहीन हुई मुक्केबाजी टीम

लवलीना की कोच के लिए डॉक्टर का कॉर्ड कैंसिल
डॉक्टर को हटाने से मुक्केबाज संकट में
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना के ट्वीट के बाद मचे हड़कंप के चलते उनकी कोच संध्या गुरुंग को मान्यता कार्ड जारी कर खेल गांव में प्रवेश तो करा दिया गया लेकिन 12 मुक्केबाजों पर इकलौते टीम डॉक्टर करणजीत सिंह का कार्ड रद्द कर उन्हें होटल भेज दिया गया है। 
अब टीम डॉक्टर स्पर्धा के दौरान मुक्केबाजों के साथ नहीं होंगे। टोक्यो ओलम्पिक के दौरान भी जब मुक्केबाज सतीश कुमार को गंभीर चोट लगी थी तब टीम डॉक्टर मुकाबले में नहीं थे। उन्हें उस दौरान भी होटल में रखा गया था। यही नहीं महिला टीम के चीफ कोच भास्कर भट्ट भी संध्या को खेल गांव में कमरा दिलाने के लिए खुद होटल में आ गए। 
खेल मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद आईओए ने संध्या को मान्यता कार्ड तो उपलब्ध करा दिया लेकिन आयोजकों से वह अतिरिक्त कोटा लेने में सफल नहीं रहे। इसके चलते पूरी टीम को संकट में डाल दिया गया। आयोजकों ने कहा कि किसी का मान्यता कार्ड रद्द होने की स्थिति में ही संध्या को कार्ड जारी किया जा सकता है। इसके बाद डॉक्टर का कार्ड रद्द करने का फैसला लिया गया। बॉक्सिंग जैसे खेल में डॉक्टर का रोल बेहद महत्वपूर्ण है। टोक्यो ओलम्पिक में सतीश के साथ घटी घटना के बाद मुक्केबाजी संघ ने हिमाचल प्रदेश के डॉ. करणजीत सिंह को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए मुक्केबाजों के साथ किसी तरह की अनहोनी की स्थिति से निपटने के लिए नियुक्त किया। अब मान्यता कार्ड रद्द होने के बाद डॉक्टर न तो टीम की ट्रेनिंग के दौरान साथ में होंगे और न ही उन्हें मुकाबलों में जाने का मौका मिलेगा।
मीडिया से बात करने पर रोक
सूत्र बताते हैं कि पहले एक महिला कोच की जगह पर संध्या का कार्ड बनाया जाना था लेकिन मुक्केबाजी संघ ने महिला कोच के भी उत्तर-पूर्व राज्य की होने की वजह से डॉक्टर का कार्ड रद्द करने की सिफारिश कर दी। सूत्र बताते हैं कि खेल गांव में संध्या को कमरा मुहैया कराने के लिए चीफ कोच भास्कर भट्ट ने खुद त्याग करने का फैसला लिया। उन्होंने किसी तरह के विवादों को जन्म नहीं देने के लिए खुद होटल में शरण ले ली। लवलीना के ट्वीट के बाद चेफ डि मिशन की ओर से सभी टीमों के मुख्य प्रशिक्षकों की बैठक बुलाई गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि कोई भी खिलाड़ी अब मीडिया से बात नहीं करेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स