अमेरिका ने 33 पदक जीत बनाया रिकॉर्ड

विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिपः भारत 33वें स्थान पर
यूजीन।
सिडनी मैकलॉघलिन के बेहतरीन प्रदर्शन से अमेरिका ने महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में कुल पदकों की संख्या 33 पर पहुंचाई जोकि नया रिकॉर्ड है। विश्व चैम्पियनशिप में दो अन्य रिकॉर्ड भी बने। भारत ने नीरज चोपड़ा के पदक की बदौलत 33वां स्थान हासिल किया। 
नाईजीरिया की टोबी अमुसन ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में 12.12 सेकेंड के साथ रिकॉर्ड बनाया। इसके 90 मिनट बाद उन्होंने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी जीता। उनका फाइनल का समय असल में 12.06 था, लेकिन तब तेज हवा चल रही थी, इसलिए यह रिकॉर्ड बुक में दर्ज नहीं हुआ। स्वीडन के अर्मांड डुपलेनटिस ने पुरुषों के पोल वॉल्ट में 6.21 मीटर के साथ रिकॉर्ड बनाया। इससे स्वीडन ने पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। अमेरिका के क्रिस्टोफर नीलसन ने रजत पदक जीता। ट्रैक पर अमेरिकी महिला रिले टीम ने जलवा बिखेरा। अमेरिकी टीम ने तीन मिनट 17.79 सेकेंड में दौड़ पूरी कर अमेरिका को 33वां पदक दिलाया जो 2017 में उसके जीते कुल पदकों से तीन अधिक हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स