म्हारे छोरे नीरज नै रचा इतिहास

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 19 साल बाद आई ऐसी खुशी
यूजीन।
ओलम्पिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा भले ही स्वर्ण से चूक गए, लेकिन रजत पदक जीतकर एक बार फिर इतिहास रच डाला और वह विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय और पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए हैं। पदक के प्रबल दावेदार के रूप में उतरे भालाफेंक स्टार चोपड़ा ने 88.13 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीता। वह गत चैम्पियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स से पीछे रह गए, जिन्होंने 90.54 मीटर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारत के लिये विश्व चैम्पियनशिप में एकमात्र पदक 2003 में पेरिस में अंजू बॉबी जॉर्ज ने लम्बीकूद में कांस्य जीता था। चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत का 19 साल का इंतजार खत्म करते हुए इतिहास पुस्तिका में अपना नाम दर्ज कराया। फाउल से शुरुआत करने वाले चोपड़ा ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे प्रयास में 82.39, तीसरे में 86.37 और चौथे प्रयास में 88.13 मीटर का थ्रो फेंका जो सत्र का उनका चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनका पांचवां और छठा प्रयास फाउल रहा। 
चेक गणराज्य के याकूब वालडेश को कांस्य पदक मिला जिन्होंने 88.09 मीटर का थ्रो फेंका। भारत के रोहित यादव 78.72 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दसवें स्थान पर रहे। चोपड़ा ने पिछले साल टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीता था और निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के बाद ओलम्पिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले वह पहले भारतीय हैं। पीटर्स ने 90.21 मीटर से शुरुआत की और पांच प्रयासों के बाद ही उनका स्वर्ण सुनिश्चित हो गया था, लेकिन उन्होंने छठा थ्रो 90.54 मीटर फेंका जो उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा। चोपड़ा को भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष आदिले सुमरिवाला ने रजत पदक पहनाया। दर्शक दीर्घा में मौजूद भारतीयों ने तालियों से उनका अभिनंदन किया।
अगले साल गोल्ड मेडल लाऊंगा
प्रतिस्पर्धा के बाद चोपड़ा ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘प्रतिस्पर्धा कठिन थी और उन्हें रजत मिलने की खुशी है, लेकिन अगले साल स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश कोशिश करूंगा। काफी अच्छा लग रहा है आज। देश के लिये रजत जीता है । अगले साल फिर विश्व चैम्पियनशिप है और कोशिश करेंगे कि उसमें स्वर्ण जीतें। यहां काफी कठिन प्रतिस्पर्धा थी। सामने से हवा आ रही थी। पहले दो थ्रो अच्छे नहीं रहे, लेकिन मुझे यकीन था कि एक अच्छा थ्रो निकलेगा। नतीजे से खुश हूं कि 19 साल बाद विश्व चैम्पियनशिप में देश को पदक दिलाया। ट्रेनिंग का समय कम था और सबसे बड़ी चुनौती थी कि खुद को उस स्तर तक लेकर आये। बहुत मेहनत की। ओलम्पिक के बाद से असली खेल का पता लगा कि कितनी मेहनत करनी पड़ती है, प्रदर्शन बरकरार रखने के लिये। खुशी है कि मैं अच्छा प्रदर्शन कर पा रहा हूं। दो बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। राष्ट्रमंडल खेलों से पहले कोई दिक्कत नहीं होगी।
भारतीय खेलों के लिये खास पल: पीएम मोदी
नीरज चोपड़ा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पूरे देश ने बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘हमारे सबसे प्रतिभावान खिलाड़ियों में से एक नीरज चोपड़ा की महान उपलब्धि। विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। भारतीय खेलों के लिये यह खास पल। आगामी टूर्नामेंटों के लिये नीरज को शुभकामना।’ बीजिंग ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा, उड़नपरी पीटी ऊषा, पहलवान बजरंग पूनिया, विदेश मंत्री एस जयशंकर, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कानून मंत्री किरेन रिजिजू, अंजू बॉबी जॉर्ज तथा भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने भी उन्हें उन्हें बधाई दी।
नौवें स्थान पर रहे पॉलः भारत के एल्डोस पॉल त्रिकूद फाइनल में नौवें स्थान पर रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 16.79 मीटर रहा, जो उन्होंने दूसरे दौर में दिया। पहले प्रयास में उन्होंने 16.37 मीटर और तीसरे प्रयास में 13.86 मीटर की कूद लगाई।

 

रिलेटेड पोस्ट्स