राष्ट्रमंडल खेलों से पहले दो महिला एथलीट डोपिंग में फंसीं

फर्राटा धावक धनलक्ष्मी और ट्रिपल जम्पर ऐश्वर्य डोप टेस्ट में फेल
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
राष्ट्रमंडल खेलों के लिये भारतीय दल में शामिल फर्राटा धावक एस. धनलक्ष्मी और त्रिकूद में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी ऐश्वर्य बाबू प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन की दोषी पाई गई हैं जिससे खेलों से पहले ही भारतीय एथलेटिक्स पर डोपिंग का साया पड़ गया है। दोनों 28 जुलाई से 8 अगस्त तक बर्मिंघम में होने वाले खेलों में भाग नहीं ले सकेंगी। 
धनलक्ष्मी बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों के लिये भारत की 36 सदस्यीय टीम में थीं। वह विश्व एथलेटिक्स की एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट द्वारा कराये गए टेस्ट में प्रतिबंधित स्टेरॉयड के सेवन की दोषी पाई गईं। एक शीर्ष सूत्र ने बताया,‘धनलक्ष्मी एआईयू द्वारा कराये गए डोप टेस्ट में पॉजीटिव पाई गई हैं। वह बर्मिंघम खेलों में नहीं जायेंगी।' धनलक्ष्मी 100 मीटर और 4 गुणा सौ मीटर में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली थीं। वह यूजीन में विश्व चैम्पियनशिप के लिये भी भारतीय टीम में थीं लेकिन वीजा दिक्कतों के कारण नहीं जा सकीं।
धनलक्ष्मी ने 26 जून को कोसानोव मेमोरियल एथलेटिक्स मीट में 200 मीटर में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने 22.89 सेकेंड का समय निकाला था और राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी सरस्वती साहा (22.82 सेकेंड) तथा हिमा दास (22.88 सेकेंड) के बाद 23 सेकेंड से कम समय निकालने वाली तीसरी भारतीय एथलीट बनी थीं। 24 वर्ष की ऐश्वर्य का नमूना नाडा अधिकारियों ने पिछले महीने चेन्नई में राष्ट्रीय अंतर प्रांतीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दौरान लिया था। उनकी जांच का नतीजा पॉजीटिव आया है। ऐश्वर्य ने चेन्नई में त्रिकूद में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। उसने लम्बी कूद में 6.73 मीटर की कूद लगाई थी जो अंजू बॉबी जॉर्ज (6.83 मीटर) के बाद किसी भारतीय महिला लांग जंपर का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन था।

रिलेटेड पोस्ट्स