आज से राज्यसभा सांसद बतौर सेवाएं देंगी पीटी ऊषा

ट्रैक पर जलवा दिखाने वाली यह एथलीट संसद में क्या खिलाएगी गुल
भारत के लिए 103 अंतरराष्ट्रीय मेडल जीते हैं
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
राज्यसभा की नई मनोनीत सांसद और पूर्व ओलम्पिक ट्रैक एंड फील्ड एथलीट पीटी ऊषा आज पहली बार उच्च सदन में शपथ लेंगी। पीटी ऊषा ने 1984 ओलम्पिक खेलों में चौथा स्थान हासिल किया था। पीटी ऊषा को 1983 में अर्जुन अवॉर्ड और 1985 में देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया थ। अब उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।
राज्यसभा के 245 में से 12 सदस्यों को राष्ट्रपति द्वारा निर्वाचित किया जाता है। कला, साहित्य, ज्ञान, खेल और सामाजिक सेवाओं में विशिष्ट योगदान देने वाले शख्स को सांसद के रूप में चुना जाता है। इन सांसदों के पास राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने का अधिकार नहीं होता है। राज्यसभा के मनोनीत होने वाले पहले खिलाड़ी महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर थे।
पीटी ऊषा का शुरुआती जीवन उनके अपने गांव पय्योली में बीता था, जो भारत के दक्षिणी राज्य केरल का एक तटीय जिला था। इसीलिए बाद के दिनों में पीटी ऊषा को पय्योली एक्सप्रेस के नाम से भी जाना जाता था। पीटी ऊषा जब चौथी कक्षा में पढ़ती थीं, तब उन्होंने दौड़ना शुरू किया था। उनके शारीरिक शिक्षा के अध्यापक ने ऊषा को जिले की चैम्पियन से मुकाबला करने को कहा। वो लड़की भी पीटी ऊषा के स्कूल में ही पढ़ती थी। ऊषा ने उस रेस में जिला चैम्पियन को भी हरा दिया था। अगले कुछ वर्षों तक वो अपने स्कूल के लिए जिला स्तर के मुकाबले जीतती रही थीं। लेकिन, पीटी ऊषा का असल करियर तो 13 साल की उम्र में शुरू हुआ, जब उन्होंने केरल सरकार द्वारा लड़कियों के लिए शुरू किए गए स्पोर्ट्स डिवीजन में दाखिला लिया था।
1980 में केवल 16 साल की उम्र में पीटी ऊषा ने मॉस्को में हुए ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक में हिस्सा लिया था। चार साल बाद 1984 में वो किसी ओलम्पिक खेल के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बन गई थीं। लेकिन, बस एक मामूली से फासले से ऊषा ओलम्पिक का मेडल जीतने से चूक गई थीं।
ओलम्पिक के बाद पीटी ऊषा के प्रदर्शन में गिरावट आई और लोगों ने उनकी आलोचना शुरू कर दी। हालांकि, ऊषा को खुद पर यकीन था। 1986 के सिओल एशियाई खेलों में उन्होंने चार गोल्ड मेडल जीते थे। 400 मीटर की बाधा दौड़, 400 मीटर की रेस, 200 मीटर और 4 गुणा 400 की रेस में ऊषा ने स्वर्ण पदक जीतकर सभी के मुंह पर ताला जड़ दिया। 100 मीटर की रेस में वे दूसरे नंबर पर रहीं। 1983 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड दिया गया था। 1985 में उन्हें देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
1991 में शादी के कुछ ही दिनों बाद ऊषा ने एथलेटिक्स से ब्रेक ले लिया था। तभी उन्होंने अपने बेटे को जन्म दिया। पीटी ऊषा के पति वी श्रीनिवासन की खेलों में दिलचस्पी थी। वो खुद एक खिलाड़ी थे। वो पहले कबड्डी खेला करते थे। उन्होंने हर काम में ऊषा का हौसला बढ़ाया। पीटी ऊषा खेलों की दुनिया में दोबारा आईं और 1997 में अपने खेलों के करियर को अलविदा कहा। उन्होंने भारत के लिए 103 अंतरराष्ट्रीय मेडल जीते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स