2025 में टोक्यो में होगी वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप

इस आयोजन में जापान ने केन्या-पोलैंड को दी शिकस्त
नई दिल्ली।
जापान की राजधानी टोक्यो 2025 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा। वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। काउंसिल ने गुरुवार को कहा कि केन्या, पोलैंड और सिंगापुर को हराकर टोक्यो दूसरी बार चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा। 
इसका मतलब है कि टोक्यो का ओलम्पिक स्टेडियम 'टोक्यो ओलम्पिक 2020' की मेजबानी के चार साल बाद एक और बड़े प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। वर्ल्ड एथलेटिक्स के अध्यक्ष सेबेस्टियन कोए ने एक बयान में कहा- वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 की मेजबानी के लिए टोक्यो ने एक आकर्षक बोली की पेशकश की।
उन्होंने कहा- मुझे उम्मीद है कि यह जापान के लिए एक शानदार अवसर साबित होगा, क्योंकि वे टोक्यो में लोगों के लिए विश्वस्तरीय एथलेटिक्स वापस लाकर 2025 में जापानी एसोसिएशन ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशन के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे। टोक्यो ने पिछली बार 1991 में विश्व चैम्पियनशिप की मेजबानी की थी। इसे अमेरिकी लॉन्ग-जम्पर माइक पॉवेल की 8.95 मीटर (29 फीट 4.4 इंच) की वर्ल्ड रिकॉर्ड जम्प के लिए याद किया जाता है। इस मामले में उन्होंने बॉब बीमन के 1968 में बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा था।
जापानी एसोसिएशन ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशन के अध्यक्ष मित्सुगी ओगाटा ने एक बयान में कहा- इतिहास ने दिखाया है कि हमारे पास दुनिया के शीर्ष एथलीटों की मेजबानी करने और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को प्रेरित करने की क्षमता और ऊर्जा है। हम वादा करते हैं कि टोक्यो का ओलम्पिक स्टेडियम एथलीटों और इसमें शामिल सभी लोगों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स