विम्बलडन की नई मलिका बनीं एलीना रिबाकीना

खिताब जीतने वाली कजाखस्तान और एशिया की पहली खिलाड़ी
लंदन।
कजाखस्तान की एलीना रिबाकीना ने विम्बलडन 2022 का खिताब जीत लिया है। उन्होंने फाइनल में ओंस जेबुअर को 3-6, 6-2, 6-2 से हरा दिया। यह रिबाकीना का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है वहीं, ट्यूनीशिया की 27 वर्षीय जेबुअर अरब और अफ्रीकी देशों की पहली महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने फाइनल में जगह बनाई थी।
सोशल मीडिया पर रिबाकीना और जेबुअर, दोनों की खूब प्रशंसा की जा रही है। फाइनल में पहुंचने पर तीसरी वरीय जेबुअर ने कहा था कि वह कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनना चाहती हैं। ट्यूनीशिया अरब दुनिया और अफ्रीकी महाद्वीप से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा था कि वह अपने देश से अधिक से अधिक खिलाड़ी देखना चाहती हैं।
17वीं वरीय कजाखस्तान की रिबाकीना ने एक घंटे 48 मिनट तक चले फाइनल में तीसरी वरीय ट्यूनीशिया की ओंस जेबुअर को पहला सेट हारने के बाद वापसी करते हुए अगले दो सेटों में हराया। इसके साथ रिबाकीना विंबलडन का खिताब जीतने वाली कजाखस्तान और एशिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। मैच प्वाइंट जीतते ही रिबाकीना मुट्ठी बंद कर जीत का जश्न मनाने लगीं। 23 वर्षीय रिबाकीना ओपन एरा में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची थीं। वह अपने पहले ही फाइनल में खिताब जीत गईं। इसके साथ ही एलीना, पेत्रा क्वितोवा (2011 में 21 वर्ष की उम्र में) के बाद सबसे कम उम्र में विंबलडन की ट्रॉफी उठाने वाली महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
रिबाकीना का यह करियर का तीसरा खिताब है। उन्होंने होबार्ट 2020 के बाद चार खिताबी मुकाबले गंवाए। वह टोक्यो ओलंपिक में भी कांस्य पदक का मुकाबला हार गई थीं। वहीं ओंस जेबुअर भी पहली बार ही किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल पहुंची थीं। ऑल इंग्लैंड क्लब ने यूक्रेन पर रूस के हमले के विरोध में विंबलडन में रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों के खेलने पर प्रतिबंध लगा रखा था लेकिन महिला एकल का खिताब रूस की बेटी ने ही जीता है। दरअसल कजाखस्तान की ओर खेलने वाली एलीना रिबाकीना का जन्म 17 जून 1999 को रूस की राजधानी मॉस्को में हुआ। 2018 में एलीना ने रूस छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने कजाखस्तान की नागरिकता ले ली। एलीना टेनिस से पहले जिम्नास्टिक और आइस हॉकी में करियर बनाना चाहती थीं। उनकी लंबाई अधिक होने की वजह से उनके पिता ने टेनिस खेलने के लिए प्रेरित किया। रिबाकीना की लंबाई अभी छह फुट है।

रिलेटेड पोस्ट्स