एक-दूजे के हुए दीपक हुड्‌डा और स्वीटी बूरा

भारतीय कबड्‌डी टीम के प्लेयर बने बराती
खेलपथ संवाद
हिसार।
अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज स्वीटी बूरा और भारतीय कबड्‌डी टीम के कैप्टन दीपक हुड्‌डा एक-दूजे के हमसफर बन गए हैं। शुक्रवार तड़के सात फेरे लेकर दोनों शादी के बंधन में बंध गए। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। शादी की रस्में अदा करके स्वीटी के माता-पिता ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देकर हरियाणा के हिसार जिले में सेक्टर-4 स्थित आवास से विदा किया। स्वीटी बूरा की ससुराल रोहतक में है।
दीपक हुड्‌डा गुरुवार रात 12 बजे के बाद बरात लेकर हिसार पहुंचे। दूल्हे के यार दोस्त और रिश्तेदार नाचते हुए पैलेस में दाखिल हुए। स्वीटी के साथ शादी की खुशी दीपक के चेहरे पर झलक रही थी। भारतीय कबड्‌डी टीम के प्लेयर अजय ठाकुर भी बराती बनकर पहुंचे। इसके बाद गेट पर स्वीटी की बहन सीवी ने रिबन कटाई की रस्म अदा की। महिलाओं ने शादी के गीत गाए।
रिबन कटाई की रस्म में स्वीटी की छोटी बहन सीवी बूरा ने जीजा दीपक हुड्‌डा से रिबन कटाई के 5 लाख शगुन की डिमांड रखी। सीवी ने कहा कि यह पैसे नकद नहीं, बल्कि चैक से लूंगी। दोनों पक्षों में खूब हंसी मजाक हुआ। जीजा ने साली को उसका पसंदीदा आई फोन 13 प्रो मैक्स शगुन में दिया, जिसे देखकर सीवी बहुत खुश हो गई और अपने जीजा का मुंह मीठा करवाया। इसके बाद दीपक ने रिबन काटा।
सीवी ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से आई फोन 13 प्रो मैक्स के लिए ट्राई कर रही थी, परंतु उसे पसंदीदा कलर नहीं मिल रहा था। यह बात स्वीटी को भी पता थी। तब दीपक ने रिबन कटाई पर उसे यह शगुन के तौर पर गिफ्ट देने का फैसला किया और फोन मंगवाकर उसे गिफ्ट किया। सीवी ने बताया कि उसके साथ 10 महिला बॉक्सर भी हैं। उन्हें भी जीजू दीपक ने अपनी साली मानते हुए 5100 रुपए का शगुन दिया। महिला बॉक्सर और अन्य रिश्तेदारी में लगने वाली सालियों की संख्या मिलाकर करीब 15 से 20 बनती है। सबने जीजू से 5100- 5100 रुपए शगुन लिया। बिना शगुन लिए उन्हें अंदर दाखिल ही नहीं होने दिया गया।
दीपक और स्वीटी की शादी में रिश्तेदारों ने खूब डांस किया। इसके बाद स्टेज पर स्वीटी के पिता ने दूल्हे को टीका लगाकर वैवाहिक रस्में अदा की। साथ ही मंत्र उच्चारण किया। टीका की रस्म के बाद स्वीटी को उसके भाई और परिवारिक सदस्य स्टेज की ओर लेकर आए तो दूल्हे दीपक को देखकर उसके सामने ही डांस किया। स्वीटी ने प्रेम रतन धन पायो गाने पर डांस किया।
स्टेज पर पहले से अपनी दुल्हन स्वीटी का इंतजार कर रहे दूल्हे दीपक ने उसका हाथ पकड़कर उसे स्टेज पर चढ़ाया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के गले में वरमाला डाली। वरमाला की रस्म के बाद उपस्थित रिश्तेदारों ने फूलों की बारिश की। दोनों ने डांस फ्लोर पर डांस किया और दोनों ने स्वीटी के सेक्टर 4 स्थित निवास पर जाकर फेरे लिए। फेरों के बाद शादी की रस्में अदा करके स्वीटी की डोली को विदा किया।

रिलेटेड पोस्ट्स